रोहतक की राम गोपाल कालोनी में बंदर घरों में घुसकर तोड़े रहे टंकियां
शहरी क्षेत्र में बंदरों के उत्पातसे तमाम कालोनियों के लोग त्रस्त हैं। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहरी क्षेत्र में बंदरों के उत्पातसे तमाम कालोनियों के लोग त्रस्त हैं। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है। लोगों का कहना है कि घरों में बंदर घुस जाते हैं। छतों पर रखीं पानी की टंकियां भी तोड़ जाते हैं। कालोनी वालों ने बंदर पकड़वाने की मांग की है।
राम गोपाल कालोनी के लोगों का कहना है कि पिछले पांच-छह माह से बंदरों की संख्या बढ़ती जा रही है। बच्चे और बुजुर्ग बाहर नहीं जा सकते। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर पौधों को तोड़ देते हैं। कई दफा बंदर छतों पर रखीं ईटें गाड़ियों पर फेंक देते हैं, इससे हादसों का डर सताता रहता है। स्थानीय निवासी रामेंद्र, सुरेंद्र, सविता आदि ने बताया है कि इस प्रकरण में नगर निगम के अधिकारियों से पहले भी शिकायत कर चुके हैं।
निगम प्रशासन ने एक एजेंसी को सौंपा काम
नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल ने बताया है कि एक एजेंसी को काम सौंप दिया गया है। अभी तक करीब 4800 बंदरों को पकड़ने की अनुमति मिली है। इसके साथ ही संबंधित एजेंसी को बंदर पकड़ने के लिए आदेश दिए गए हैं।
दूसरी ओर, बंदर पकड़ने की जिम्मेदारी मिलने के बाद ठेकेदार बिजेंद्र ने कहा है कि हमारा यही प्रयास है कि 16 या फिर 17 सितंबर के बाद अभियान शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआत में चार पिजरे और 16 कर्मचारी लगाए जाएंगे।