रोहतक में सड़क किनारे खड़े 3 लोगों को कार ने कुचला, एक की मौत और दो घायल
रोहतक के सांपला थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें 55 वर्षीय हाकमदीन की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
-1795196037365_m.webp)
सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को कार ने कुचला।
HighLights
तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मारी।
हादसे में 55 वर्षीय हाकमदीन की मौके पर ही मौत हुई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल, अज्ञात चालक मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, रोहतक। सुबह सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय हाकमदीन की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे सांपला थाना क्षेत्र के गांव भैंसरू खुर्द अड्डे पर हुई।
टक्कर मारने के बाद कार चालक सांपला की ओर फरार हो गया। मृतक राजस्थान के अलवर जिले के गांव चौकी का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 साल से रोहतक में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे बातचीत के दौरान हादसा
गांव भैंसरू खुर्द निवासी ईदरीस ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक साल से सुदेश कुमार के मकान में किराये पर रह रहा है और रोहतक में मजदूरी करता है। शुक्रवार सुबह वह भैंसरू खुर्द अड्डे पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस के गांव का रहने वाला हाकमदीन दो युवकों के साथ सड़क किनारे खड़ा था। तभी सोनीपत की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
सीएचसी में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद ईदरीस हाकमदीन को आटो से सांपला स्थित सीएचसी लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल युवकों को उनके स्वजन अस्पताल ले गए। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
मशीन लगाकर करते थे पुली कटाई का काम
स्वजन ने बताया कि हाकमदीन पिछले 10 साल से रोहतक में काम करने आते थे। भैंसरू खुर्द अड्डे पर मशीन लगाकर पुली कटाई करते थे। उनके चार बेटे और एक बेटी है। इनमें से तीन बच्चों की शादी हो चुकी है। पांच बच्चों के पिता हाकमदीन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।