छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर दांत तोड़ा
मनचले युवकों ने दसवीं की छात्रा से छेड़छाड़ की। विरोध जताने घर जा रहे उसके परिजनों को रास्ते में रोक लिया और छात्रा के मुंह पर पिस्तौल की बट से हमला कर दिया। इससे छात्रा का दांत टूट गया और चेहरे पर गंभीर चोट आई।
जागरण संवाददाता, रोहतक। मनचले युवकों ने दसवीं की छात्रा से छेड़छाड़ की। विरोध जताने घर जा रहे उसके परिजनों को रास्ते में रोक लिया और छात्रा के मुंह पर पिस्तौल की बट से हमला कर दिया। इससे छात्रा का दांत टूट गया और चेहरे पर गंभीर चोट आई। सिविल अस्पताल में भर्ती छात्रा गृह विज्ञान की परीक्षा भी नहीं दे पाई। पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
परीक्षा नहीं दे पाई, अस्पताल में भर्ती
महम के फरमाणा की निवासी दसवीं की छात्रा से गांव के संजय उर्फ संजू ने छेड़छाड़ की थी। उसे लेकर परिजन आरोपी के घर शिकायत करने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी और उसके तीन साथियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने पिस्तौल की बट से छात्रा पर हमला किया जिससे उसका दांत टूट गया और होंठ व चेहरे पर भी चोट आई हैं।
आरोपियों ने छात्रा के परिजनों से भी मारपीट की। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कारण वह गृहविज्ञान की परीक्षा भी नहीं दे पाई। पुलिस ने इस मामले में संजीव उर्फ संजू, रविंद्र, नवीन, शिवकुमार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा को झेलनी पढ़ी व्यवस्था की मार भी
गंभीर रूप से घायल छात्रा को लेकर परिजन पीजीआइ पहुंचे तो सिविल अस्पताल ले जाने को कहा गया। सिविल अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने बिना पुलिस के उपचार से इंकार कर दिया। हालांकि पीडि़ता को एक इंजेक्शन दिया गया। परिजन उसे ऑटो में लेकर महिला थाने पहुंचे। शिकायत दर्ज कराने के बाद वहां से पुलिसकर्मी को सिविल अस्पताल भेजा गया। तब इलाज हुआ।
आरोपी पक्ष भी पहुंचा
पुलिस के इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी पक्ष के लोग भी महिला थाने पहुंच गए। उन्होंने छात्रा के परिजनों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। उन्होंने छेड़छाड़ के आरोप को निराधार व मनगढ़त बताया। महिला थाना प्रभारी गरिमा ने बताया कि चार युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष ने छात्रा के परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया है।