महम चौबीसी सर्वखाप के निशाने पर प्री-वेडिंग शूट और लिव-इन बताया सामाजिक कुरीति, हरियाणा में पूर्ण प्रतिबंध की मांग
महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत ने प्री-वेडिंग शूट और लिव-इन रिलेशनशिप जैसी बदलती सामाजिक परंपराओं पर चिंता जताई है।

शादी से पहले प्री-वेडिंग शूट औकर लिव-इन रिलेशनशिप पर रोक
HighLights
प्री-वेडिंग शूट और लिव-इन रिलेशनशिप पर चिंता जताई गई।
हरियाणा में लिव-इन रिलेशनशिप पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग।
महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत की नई कार्यकारिणी घोषित की।
संवाद सहयोगी, महम। शादी से पहले प्री-वेडिंग शूट और लिव-इन रिलेशनशिप जैसी बदलती सामाजिक परंपराएं अब महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत के एजेंडे में शामिल होंगी।
पंचायत के वरिष्ठ उप प्रधान बसंत लाल गिरधर ने प्री-वेडिंग शूट को तेजी से बढ़ती सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि कई मामलों में इसके बाद विवाह संबंध टूटने की घटनाएं सामने आती हैं।
उनके अनुसार, ऐसी परंपराएं समाज को गलत दिशा में ले जा रही हैं। वहीं महासचिव मास्टर रामफल राठी ने हरियाणा में लिव-इन रिलेशनशिप पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
महम स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान महासचिव मास्टर रामफल राठी ने पंचायत की नई कार्यकारिणी घोषित की। उन्होंने कहा कि चौबीसी सर्वखाप पंचायत में सभी समाजों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
अजमेर गोयत को प्रधान और सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक व नगरपालिका के उपाध्यक्ष बसंत लाल गिरधर को वरिष्ठ उप प्रधान बनाया गया है। भीम वाल्मीकि और जितेंद्र दांगी उप प्रधान होंगे।
कृष्ण सिवाच बडाली और संदीप नेहरा निंदाना को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। तपा प्रधानों में सूरजमल राठी (निंदाना), दलबीर राठी उर्फ काला मुंडिया (लाखनमाजरा), रामकिशन मलिक (मोखरा), दिलावर सिंह ढुल (मुंढाल), अजीत गोयत (महम), दयानंद सिवाच (सैमाण) और धर्मबीर राठी (बहलबा) शामिल हैं। हरिओम सिवाच को संरक्षक बनाया गया है। दलबीर नंबरदार भराण, पहलवान जगबीर सरपंच खरेंटी और धर्म गोयत मुख्य सलाहकार होंगे। एडवोकेट रोहतास राठी, एडवोकेट हंसराज चहल और एडवोकेट विपिन बल्हारा कानूनी सलाहकार बनाए गए हैं।
वहीं अनवर, रणबीर मलिक इमलीगढ़, पूर्व सरपंच राजेश बड़ा भैंण और प्रदीप पुनिया सरपंच को सचिव बनाया गया है। इसके अलावा विभिन्न गांवों और समाजों से जुड़े 40 से अधिक लोगों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।