महंत बालकनाथ को बदनाम करना पड़ा भारी, राजस्थान के पूर्व विधायक बलजीत यादव को 6 माह की कैद व जुर्माना
रोहतक की सीजेएम अदालत ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को महंत बालकनाथ योगी के खिलाफ सार्वजनिक मंच से अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में दोषी ठहराया है।
-1795456000837_m.webp)
महंत बालकनाथ को बदनाम करने के मामले में पूर्व विधायक बलजीत यादव को छह माह कैद व जुर्माना।
HighLights
पूर्व विधायक बलजीत यादव को मानहानि मामले में सजा
महंत बालकनाथ पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप
रोहतक अदालत ने 6 माह जेल, 5 हजार जुर्माना सुनाया
जागरण संवाददाता, रोहतक। बाबा मस्तनाथ मठ, अस्थल बोहर के महंत एवं अलवर से पूर्व सांसद महंत बालकनाथ योगी के खिलाफ सार्वजनिक मंच से कथित अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करना राजस्थान के पूर्व विधायक बलजीत यादव को भारी पड़ गया।
महंत बालकनाथ के अधिवक्ता जितेंद्र हुड्डा ने बताया कि रोहतक की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत ने आपराधिक मानहानि के मामले में बलजीत यादव को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। इसमें बलजीत यादव को 6 माह की जेल और 5 हजार रुपये जुर्माना की सजा दी गई है। अदालत ने माना कि उन्होंने जानबूझकर सार्वजनिक मंच से ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे महंत बालकनाथ की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
हालांकि, अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 501 के तहत आरोप साबित नहीं माना। यह फैसला सीजेएम मोहम्मद सगीर की अदालत ने सुनाया है। मामले की जड़ 7 मार्च 2021 को राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ स्थित पंचायत समिति कार्यालय में हुई एक प्रेस कांफ्रेंस है। उस समय बहरोड़ से विधायक बलजीत यादव ने अलवर के तत्कालीन सांसद महंत बालकनाथ पर कई गंभीर टिप्पणियां की थीं।
अगले दिन इन बयानों को समाचार पत्रों में प्रकाशित किया गया और इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किया गया। महंत बालकनाथ ने इसे अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के साथ नाथ संप्रदाय की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
बता दें कि महंत बालकनाथ ने सितंबर 2021 में शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2022 में आरोपित को समन जारी हुए और मार्च 2023 में आरोप तय किए गए। करीब पांच साल चली कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने मानहानि के आरोप में सजा सुनाई है।
वीडियो फुटेज ने बदला मामले का रुख
इस मामले में महंत बालकनाथ की ओर से अदालत में सात गवाह पेश किए गए। इनमें डॉ. ललित कुमार सहित अन्य गवाह शामिल थे। बलजीत यादव के वकीलों ने वीडियो की प्रामाणिकता, उसके साथ प्रस्तुत प्रमाणपत्र और इलेक्ट्रानिक साक्ष्य की स्वीकार्यता पर सवाल उठाए।
बचाव पक्ष का तर्क था कि वीडियो में छेड़छाड़ या संपादन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा शिकायत को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का परिणाम बताया गया। हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया।
अदालत ने माना कि प्रेस कांफ्रेंस में महंत बालकनाथ पर नशा करने, साधु की छवि के विपरीत जीवन जीने और अन्य व्यक्तिगत आरोपों से जुड़ी टिप्पणियां की गई थीं। इन टिप्पणियों का उद्देश्य उनकी सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था। अदालत के अनुसार, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता किसी व्यक्ति को दूसरे की मानहानि करने की छूट नहीं देती। -अधिवकता जितेद्रं हुडडा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।