लावारिस शवों का कब्रगाह बनी जेएलएन, फिर बहकर आए दो शव
जागरण संवाददाता, रोहतक : जेएलएन नहर लावारिस शवों का कब्रगाह बनती जा रही है। बृहस्पतिवा
जागरण संवाददाता, रोहतक : जेएलएन नहर लावारिस शवों का कब्रगाह बनती जा रही है। बृहस्पतिवार को भी दो युवकों के शव बहकर आने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक युवक ने महिला के कपड़े पहन रखे थे, जिसे लेकर पुलिस भी असमंजस में रही। पुलिस दोनों शवों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
बृहस्पतिवार सुबह बोहर पुल के नजदीक दो शव झाड़ियों में अटके हुए थे। जिन्हें देखने के लिए वहां पर भीड़ लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला। एक युवक की उम्र करीब 35 साल थी, जिसने पेंट-शर्ट पहने हुए थे, जबकि दूसरे युवक की उम्र करीब 32 वर्ष थी। युवक के शरीर पर महिला के कपड़े थे। उसने सूट-सलवार पहन रखे थे। दोनों शव काफी पुराने हो चुके थे, जिस कारण उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल था। महिला के कपड़े पहने होने के कारण पुलिस भी काफी देर तक असमंजस की स्थिति में रही कि आखिर यह महिला है या फिर पुरुष। दोनों के शरीर पर चोट का कोई निशान भी नहीं मिला, जिससे उनकी मौत का कारण पता चल सके। पुलिस ने उनकी शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, चर्चा थी कि जिस युवक ने महिला के कपड़े पहने थे वह कोई कलाकार भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के थानों में भी उनकी सूचना दे दी है, जिससे शिनाख्त हो सके। पिछले माह भी एक साथ आए थे दो युवकों के शव
जेएलएन नहर में शवों के बहकर आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को रिठाल के पास एक युवक का शव बहकर आया था। उसकी भी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके अलावा पिछले माह भी दो युवकों के एक साथ शव बहकर आए थे। दोनों युवकों के शरीर पर चोट के निशान थे। माना जा रहा था कि उनकी भी हत्या कर शव नहर में फेंका गया था। जेएलएन में दो माह में सात शव बहकर आ चुके हैं। अभी तक किसी भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। वर्जन
नहर में दो शव बहकर आए थे। शवों की शिनाख्त का प्रयास किया गया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। फिलहाल शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- प्रदीप मलिक, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट।