त्योहारी सीजन में सड़क पर वाहन खड़ा किया तो होगा जब्त
बाजार में वाहन खड़े करने पर सीधे तौर से कार्रवाई होगी। नगर निगम की भूमि शाखा की टीम ने बाजारों में निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : बाजार में वाहन खड़े करने पर सीधे तौर से कार्रवाई होगी। नगर निगम की भूमि शाखा की टीम ने बाजारों में निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार में मुख्य बाजारों की सड़क पर खड़े करीब 20 दो पहिया वाहन जब्त किए। निगम की टीम ने यह भी चेतावनी दी है कि त्योहारों तक सड़कों पर वाहन खड़े मिले तो वाहन जब्त किए जाएंगे और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल के नेतृत्व में निगम की टीम ने भिवानी स्टैंड पर अतिक्रमण हटवाया। निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनीपत स्टैंड पर खड़े होने वाले वाहन जब्त किए। कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए जब्त वाहन वापस मांगे। हालांकि निगम की टीम ने सीधे तौर से कह दिया कि अब वाहन शनिवार को ही वापस मिलेंगे और जुर्माना भी देना होगा। निगम के एलओ ने बताया है कि त्योहारी सीजन तक स्थाई तौर से अभियान चलाया जाएगा। अगले कुछ दिनों बाद मोटा जुर्माना भी तय किया जाएगा। निगम की टीम ने अतिक्रमण भी हटवाया।