रोहतक में तेज रफ्तार थार का कहर, टक्कर लगने से महिला की मौत
रोहतक के कलानौर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार कार की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय महिला सुमन ...और पढ़ें
-1793967530785_m.webp)
हादसे में महिला की मौत। फोटो जागरण
HighLights
कलानौर में तेज रफ्तार थार की टक्कर से महिला की मौत।
बाइक सवार महिला सुमन की दुर्घटना में दुखद मृत्यु हुई।
पुलिस ने आरोपी थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जागरण संवाददाता, रोहतक। कलानौर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला है। कार की टक्कर से बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई है, जबकि देवरा का बेटा घायल हो गया है। पुलिस ने आरोपित थार कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय सुमन के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव निगाना निवासी प्रदीप ने बताया कि वह रोहतक में एक्सिस बैंक में नौकरी करते हैं। 5 नवंबर को सुबह 9 बजे के करीब बाइक पर गांव से रोहतक जा रहे थे। उनके साथ उनकी ताई सुमन भी बाइक पर सवार थी।
प्रदीप बाइक चला रहे थे और उनकी ताई पीछे बैठी हुई थी। बेरी रोड पर गांव गढ़ी के बस अड्डे के पास एक तेज रफ्तार थार कार आई और कालेज मोड के पास उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने कलानौर के सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उन्हें पीजीआइ रोहतक भेजने के बजाय सीएचसी काहनौर भेज दिया गया और वहां डाक्टरों ने उनकी ताई सुमन को मृत घोषित कर दिया।
सुमन के पति की पहले ही हो चुकी है मौत: फिलहाल, पुलिस ने आरोपित थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े स्वजनों ने बताया कि सुमन के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। वह पांच बच्चों की मां थी। उसके चार लड़कियां और एक बेटा है। इनमें दो लड़कियों की शादी हो चुकी है और बाकी तीन बच्चे अविवाहित है। वह नौकरी कर घर का खर्च चला रही थी।