उम्र चॉकलेट-टॉफी खाने की, पर मीठा देखते ही सहम जाते हैं शुगर से पीड़ित ये मासूम; रोज तीन बार सहते हैं सुई की चुभन
मधुमेह से पीड़ित बच्चों को मीठे से दूर रहना पड़ता है और उन्हें रोज़ाना इंसुलिन के इंजेक्शन लेने पड़ते हैं। रोहतक पीजीआईएमएस में 450 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं।

डॉ. अंजलि वर्मा (बाईं ओर)। पीजीआई के पीडियाट्रिक्स एंडोक्राइन क्लीनिक में बच्चों की जांच करती चिकित्सक (दाईं ओर)। सोर्स- संस्थान
HighLights
बच्चों को मीठे से दूर रहना पड़ता है, सहते हैं इंसुलिन की चुभन
दिवाली पर मिठाई खाने से दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पीजीआई पहुंचे
पीजीआई रोहतक में 450 मधुमेह पीड़ित बच्चे पंजीकृत, हर माह 10 नए
विकास सैनी, रोहतक। सामने चाकलेट रखी हो, दूसरे बच्चे टाफी और आइसक्रीम खा रहे हों और खुद का मन मारकर वहां से हटना पड़े। यह किसी बड़े व्यक्ति की डाइटिंग नहीं, बल्कि मधुमेह से जूझ रहे उन बच्चों की जिंदगी है, जिनकी उम्र अभी खाने-पीने की फरमाइश करने और खेलने-कूदने की है। इनके लिए मिठाई सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि शुगर बढ़ने और तबीयत बिगड़ने का खतरा भी है।
मीठा खाने की इच्छा होती है, लेकिन रोजाना इंसुलिन के इंजेक्शन की सुई की चुभन याद आते ही कदम रुक जाते हैं। दीपावली के बाद पीजीआईएमएस के शिशु रोग विभाग में पहुंचे दो बच्चों की कहानी इस बीमारी के साथ बचपन जीने की चुनौती को सामने लाती है।
मीठा खाने का मन करता है, लेकिन इंजेक्शन का दर्द याद आ जाता है
झज्जर का नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र तीन साल से मधुमेह से जूझ रहा है। वह कहता है कि अंकल, चाकलेट, टाफी और आइसक्रीम खाने का बहुत मन करता है। कभी मन को समझाता हूं तो कभी उस जगह से दूर चला जाता हूं, जहां दूसरे बच्चे मीठा खा रहे होते हैं। इंसुलिन लगवाते समय सुई की चुभन का दर्द याद आता है तो खुद को रोक लेता हूं। आखिर अपनी सेहत भी तो ठीक रखनी है।
दीपावली पर मिठाई देखकर इस बार उसका मन भी डोल गया। उसने मिठाई खा ली, लेकिन इसके बाद तबीयत बिगड़ गई। हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे पीजीआई लेकर पहुंचे। शिशु रोग विभाग में चार दिन भर्ती रहना पड़ा। अब शुगर नियंत्रण में है। छात्र बताता है कि उसे दिन में तीन बार इंसुलिन लेनी पड़ती है। अपना शुगर स्तर भी खुद जांचता है।
शरीर सूखने लगा, जल्दी थक जाता था बेटा
छात्र की मां ज्योति बताती हैं कि करीब तीन साल पहले तक परिवार को बेटे की बीमारी के बारे में कुछ पता नहीं था। धीरे-धीरे उसका शरीर कमजोर होने लगा। वह सूखकर कांटा हो गया और थोड़ी सी भागदौड़ में भी थक जाता था। सामान्य काम करने में भी परेशानी होने लगी।
इसके बाद उसे पीजीआई में दिखाया गया, जहां जांच में मधुमेह की पुष्टि हुई। परिवार में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी। इलाज शुरू होने के बाद बेटे की हालत में सुधार हुआ, लेकिन खानपान और इंसुलिन को लेकर लगातार सावधानी रखनी पड़ती है।
चक्कर आए, बेहोश हुई तो जांच में निकली शुगर
जींद की चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के परिवार के लिए दीपावली की खुशियां अचानक चिंता में बदल गईं। त्योहार पर मिठाई खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पहले चक्कर आए और फिर वह बेहोश हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
पीजीआई में खून की जांच हुई तो पता चला कि बच्ची मधुमेह से पीड़ित है। परिवार के लिए यह चौंकाने वाली बात थी, क्योंकि इससे पहले घर में किसी को ऐसी बीमारी नहीं थी।
पिता जोगेंद्र बताते हैं कि बेटी की हालत देखकर पूरा परिवार घबरा गया था। इलाज शुरू हुआ और बेटी ने आंखें खोलीं तो जाकर जान में जान आई। चिकित्सकों ने उसे नियमित रूप से दिन में तीन बार इंसुलिन देने की सलाह दी है।
अकेले पीजीआई में ही 450 बच्चे पंजीकृत मधुमेह पीड़ित
मधुमेह पीड़ित बच्चों में अक्सर बार-बार यूरीन आना, प्यास लगना व वजन घटने की शिकायत सामने आती है। सांस तेज चलना, बच्चे का अचानक बेहोश होना गंभीर स्थिति है। शुगर का इलाज अच्छा खाना, व्यायाम व इंसुलिन है। पीजीआई में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 450 शुगर पीड़ित बच्चे पंजीकृत हैं। इनके लिए यहां प्रत्येक बुधवार को बच्चों के लिए विशेष क्लीनिक चलता है। यहां एक माह शुगर के दस नए मरीज सामने आते हैं।- डॉ. अंजलि वर्मा, इंचार्ज, पीडियाट्रिक्स एंडोक्राइन, पीजीआईएमएस रोहतक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।