आइजी ऑफिस के नजदीक नहर में कूदी बुजुर्ग महिला, पीजीआइ में मौत
दिल्ली बाईपास पर आइजी ऑफिस के नजदीक बुजुर्ग महिला ने जेएलएन नह
जागरण संवाददाता, रोहतक : दिल्ली बाईपास पर आइजी ऑफिस के नजदीक बुजुर्ग महिला ने जेएलएन नहर में छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे निकाला और पीजीआइ में लेकर गए। जहां पर महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ में रखवा दिया है।
मामला शनिवार सुबह करीब 10 बजे का है। आइजी ऑफिस के नजदीक जेएलएन नहर पुल के पास करीब 50 वर्षीय बुजुर्ग महिला खड़ी थी। इसी दौरान महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। कुछ देर के लिए वहां से गुजर रहे लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर क्या माजरा है, लेकिन इसके बाद कुछ युवाओं ने बुजुर्ग महिला को नहर से बाहर निकाल लिया। तब तक वह बेहोश हो गई थी। महिला को आनन-फानन में पीजीआइ में भर्ती कराया गया। जहां पर उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर आइएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला के पास से भी ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त हो सके। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि नहर में कूदने से पहले महिला काफी निराश था। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद के चलते वह नहर में कूदी है। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
---------
बुजुर्ग महिला सुबह के समय नहर में कूदी थी। जिसकी पीजीआइ में मौत हो गई थी। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
- प्रमोद गौतम, थाना प्रभारी आइएमटी।