मास्क लगे रावण के दहन के साथ अहंकारी रूपी बुराइयों का अंत
दशमी पर अहंकारी रावण के अंत के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत की खुशी तीनों लोकों में मनाई गई। श्रीराम के हाथों रावण को मुक्ति मिली।
जागरण संवाददाता, रोहतक : दशमी पर अहंकारी रावण के अंत के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत की खुशी तीनों लोकों में मनाई गई। श्रीराम के हाथों रावण को मुक्ति मिली। त्रेता युग में घटित रामायण की झलक शहर के पुराना आइटीआइ मैदान में आयोजित दशहरा महोत्सव में दिखाई दी। श्री रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से कराए गए कार्यक्रम में 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कोरोना महामारी को देखते हुए पुतले की ऊंचाई को कम रखा गया। साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुलते नहीं लगाए गए। इससे पहले राम-रावण युद्ध का मंचन कलाकारों ने मैदान में किया। कोरोना संक्रमण रोकथाम के नियमों की अपील के बावजूद भीड़ जुट गई, जो खतरनाक साबित हो सकती है।
कोरोना काल में लोगों को जागरूक करने के लिए रावण के पुतले पर मास्क लगाया गया। राम-लक्ष्मण का किरदार निभा रहे कलाकारों ने भी मास्क लगाकर लोगों को वायरस के प्रकोप से बचाव का संदेश दिया। दशहरे पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम हुए। कोरोना महामारी की वजह से इस बार बड़े स्तर पर महोत्सव के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि, श्रद्धापूर्वक लोगों ने दशहरा पर्व मनाया। कालोनियों, रेजिडेंट सोसायटी, सेक्टर आदि में लोगों ने छोटे-छोटे रावण के पुतलों का दहन किया। महामारी के मद्देनजर पुलिस की चौकसी रही। हालांकि, आइटीआइ मैदान में शाम ढलते-ढलते लोगों की संख्या भी बढ़ गई। इसके अलावा ओमेक्स सिटी, सेक्टर-3 के हाउसिग बोर्ड, गांधी कैंप आदि स्थानों पर दशहरा महोत्सव मनाया गया। यह रहे मौजूद :
समाजसेवी राजेश जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, विनोद जैन, विजय तायल, सुभाष तायल, महंत बाबा कर्णपुरी, रमेश रोहिल्ला, जयभगवान, अनिल बंसल, राजीव जैन, प्रेम गर्ग, विपिन गोयल, सन्नी निझावन, अंकित बंसल, अमित गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, वरुण शर्मा, उमा गोयल, राजबाला गर्ग, पवन, गुलशन निझावन, सुशील मंगला, नरेश शर्मा, दिनेश तायल, शीतल, अंकित।
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक बतरा और पूर्व मंत्री ग्रोवर
श्री रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से आयोजित दशहरे महोत्सव में विधायक भारत भूषण बतरा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर बतौर अतिथि पहुंचे। हालांकि दानों ने मंच साझा नहीं किया। अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के चलते दोनों आगे-पीछे पहुंचे। पूर्व मंत्री और विधायक ने वैक्सीन न आने तक लोगों को मास्क के प्रयोग के लिए प्रेरित किया।