रेलवे पुलिसकर्मी की पत्नी ने लगाई फांसी, मौत, ससुरालियों पर केस दर्ज
संवाद सहयोगी महम बहलबा गांव में फांसी लगने के कारण रेलवे पुलिस कर्मचारी की पत्नी की मौत
संवाद सहयोगी, महम : बहलबा गांव में फांसी लगने के कारण रेलवे पुलिस कर्मचारी की पत्नी की मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुरालियों ने उनकी बेटी की हत्या की है या फिर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। मृतका की मां ने उसके पति समेत छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
हिसार जिले के बांडाहेडी गांव की रहने वाली अंजु की शादी वर्ष 2012 में बहलबा गांव निवासी मनोज के साथ हुई थी। मनोज रेलवे पुलिस में कार्यरत है। दोनों का पांच साल का एक बेटा भी है। बृहस्पतिवार देर रात मायके पक्ष को पता चला कि फांसी लगने के कारण अंजु की मौत हो गई है। पता चलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। जहां पर अंजु कमरे में मृत हालत में पड़ी थी। मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग परेशान करते थे। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार वह मायके में भी फोन पर अपने साथ हुई मारपीट के बारे में बताती थी। आरोप है कि ससुरालियों ने मिलीभगत कर अंजु की हत्या की है या फिर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां बीरमति ने अंजु के पति मनोज, आजाद और विनोद समेत छह आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।