दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षाकर्मी की मौत का खुला राज: पिस्तौल साफ करते समय अचानक चली गोली सिर में लगी थी
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षाकर्मी प्रदीप की रोहतक के मोखरा गांव में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सर्विस पिस्तौल साफ करते समय गोली चलने से हुआ, जिसमें गोली उनके सिर में लगी।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर एकत्रित लोग (दाएं- सुरक्षाकर्मी का फाइल फोटो)
HighLights
दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षाकर्मी प्रदीप की गोली लगने से मौत
सर्विस पिस्तौल साफ करते समय हादसा, सिर में लगी गोली
मोखरा गांव में हुई घटना, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, रोहतक। बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र के गांव मोखरा में बुधवार की देर रात कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षाकर्मी प्रदीप की गोली लगने से मौत हो गई।
करीब 42 वर्षीय प्रदीप मोखरा का रहने वाला था। वह झज्जर में एएसआइ के पद पर तैनात था। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एएसआइ अपनी सर्विस पिस्तौल साफ कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई जो उनके सिर में लगी और उसकी मौत हो गई।
फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े संदीप ने बताया कि उनके भाई प्रदीप साल 2002 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे।
रात में वह घर में नीचे काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर वाले कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद परिवार के लोग तुरंत कमरे में पहुंचे तो देखा कि प्रदीप गोली लगने से घायल थे। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदीप घर आते ही अपने पिस्तौल की सफाई करते थे। पिस्तौल की सफाई करते समय गोली चल गई और उन्हें लग गई। जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
दो बच्चों के पिता थे प्रदीप
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े स्वजनों ने बताया कि प्रदीप दो बच्चों के पिता थे। उनका बेटा हर्षित अभी 12वीं कक्षा में है और बेटी हिमांशी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
वह साल 2002 में कमांडो बैच में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। पिछले साल ही उनका एएसआइ के पद पर प्रमोशन हुआ था। वह सांसद दीपेंद्र हुड्डा के अलावा उनकी माता आशा हुड्डा के पीएसओ भी रहे। वह करीब 20 साल से हुड्डा परिवार के पीएसओ टीम में रहे।
दो दिन की छुट्टी आए थे प्रदीप
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े दोस्तों ने बताया कि प्रदीप दो दिन की छुट्टी लेकर आए थे। उनका कहना था कि खेत में गेहूं बोने हैं। जिसके चलते खेत में जाना है।
हालांकि, बुधवार रात करीब 9 बजे उनकी पिस्तौल से गोली चल गई। जिसके चलते उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सुबह 10 बजे आए थे घर, रात 9 बजे चली गोली
पुलिस का कहना है कि प्रदीप की पत्नी रीना ने बताया कि उनके पति बुधवार की सुबह करीब दस बजे ड्यूटी से घर आए थे। जब भी उनके पति ड्यूटी से घर आते थे तो अपने सर्विस पिस्तौल की सफाई करते थे। हर बार की तरह बुधवार की रात करीब 9 बजे भी वह अपनी सर्विस पिस्तौल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया और उनकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि सर्विस पिस्तौल की सफाई करते समय गोली चलने से प्रदीप की मौत हो गई। फिलहाल, शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -जसबीर सिंह, जांच अधिकारी, बहुअकबरपुर थाना।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।