विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपराध का नया तरीका! हरियाणा में सेल्फ-ड्राइव कारें किराये पर लेकर हो रहे मर्डर व तस्करी, पुलिस हुई सतर्क

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:28 PM (GMT+05:30)

बदमाश अब अपराधों के लिए सेल्फ-ड्राइव किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे हत्या, नशा तस्करी और रंगदारी जैसी वारदातें बढ़ रही हैं।

किराये की गाड़ियों से बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, हरियाणा में पुलिस हुई सतर्क। फाइल फोटो

किराये की गाड़ियों से बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, हरियाणा में पुलिस हुई सतर्क। फाइल फोटो

HighLights

  1. किराये की गाड़ियों का उपयोग हत्या, नशा तस्करी में।

  2. मिलन ढाबा हत्याकांड में तीन किराये की कारें इस्तेमाल।

  3. पुलिस ने किराये पर वाहन देने वाली एजेंसियों से की बैठक।

रत्न पंवार, रोहतक। अपराध की वारदात को अंजाम देने के लिए अब बदमाशों को अपनी गाड़ी रखने की जरूरत नहीं रह गई है। सेेल्फ ड्राइव वाली किराये की गाड़ियां उनके लिए वारदात को अंजाम देने का एक नया जरिया बन रही हैं। रोहतक से झज्जर और गुरुग्राम तक सामने आए मामलों में किराये के वाहनों का इस्तेमाल हत्या, नशा तस्करी, रंगदारी और लूट जैसी घटनाओं में हुआ है।

सूत्रों की मानें तो मिलन ढाबा हत्याकांड में पांच शूटर्स ने वारदात को अंजाम देने के लिए तीन गाड़ियों का इंतजाम किया था। इन कारों को एक एजेंसी से 50 हजार रुपये देकर किराये पर लिया गया था। बुकिंग चंडीगढ़-पंचकुला के एक व्यक्ति के नाम से बुक कराई गई थी।

वहीं, झज्जर के डीघल में साहिल उर्फ सोनू की हत्या के लिए हमलावरों ने रोहतक के कलानौर से स्कॉर्पियो किराये पर ली थी। इसके लिए पांच हजार रुपये दिए गए थे। इसी तरह से पानीपत में भी एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

मिलन ढाबा हत्याकांड में तीन कारों का इंतजाम और बुकिंग के लिए दूसरे व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल जांच का अहम पहलू है। पांच शूटर्स ने वारदात के लिए एजेंसी से तीन कारें ली थीं। कैब संचालक को इसके बदले 50 हजार रुपये दिए गए। चंडीगढ़ व पंचकुला के व्यक्ति के नाम से बुकिंग कराने के पीछे किसकी भूमिका थी और उस व्यक्ति का शूटर्स से क्या संबंध था, यह जांच का विषय है।

बताया जाता है कि अभी भी चंडीगढ़ और पंजाब से लगते क्षेत्र में सेल्फ ड्राइव की गाड़ियों का चलन काफी ज्यादा है। इस मामले ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि वाहन किराये पर देने वाली एजेंसियां ग्राहक की पहचान और बुकिंग की वास्तविकता की कितनी जांच करती हैं। हालांकि पिछले महीने पुलिस की रोहतक में एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की गई। इसमें करीब 65 एजेंसी संचालक शामिल हुए थे। इनसे दस्तावेज भी मांगें गए थे।

डीघल में हत्या के लिए कलानौर से ली स्कॉर्पियो

अप्रैल 2026 में झज्जर के डीघल में साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड में भी किराये की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। हमलावरों ने रोहतक के कलानौर से काली स्कॉर्पियो किराये पर ली थी। इसके लिए पांच हजार रुपये दिए गए थे।

वारदात के बाद गाड़ी की बरामदगी और उसके किराये पर लिए जाने की जानकारी ने वाहन किराये पर देने की व्यवस्था की जांच को अहम बना दिया। इस वारदात के बाद एजेंसी संचालक ने सेल्फ ड्राइव का काम ही छोड़ दिया।

गुरुग्राम की रंगदारी में भी किराये की एसयूवी

जुलाई 2026 में गुरुग्राम में कारोबारी से रंगदारी मांगने पहुंचे दीपक नांदल गिरोह के सदस्यों के पास भी किराये की एसयूवी थी। पुलिस कार्रवाई में चार बदमाश मारे गए। जांच में सामने आया कि एसयूवी रोहतक के एक व्यक्ति से किराये पर ली गई थी। इस मामले में भी किराये की गाड़ी का इस्तेमाल गैंग के सदस्यों की आवाजाही और वारदात के लिए किया गया।

सांपला में नशा तस्करी के लिए किराये की कार

सितंबर 2026 में रोहतक के सांपला क्षेत्र में नशा तस्करी के मामले में भी किराये की गाड़ी का इस्तेमाल सामने आया। आरोपितों ने ओडिशा से गांजा लाने के लिए सेल्फ-ड्राइव वाहन लिया था। इससे स्पष्ट होता है कि किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल केवल स्थानीय वारदातों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे राज्यों से नशीले पदार्थ लाने में भी किया जा रहा है।

किराये की थार बेचने का मामला भी आया सामने

झज्जर क्षेत्र के बहादुरगढ़ के दो युवकों पर गुरुग्राम से दो दिन के लिए किराये पर ली गई महिंद्रा थार को वापस करने के बजाय राजस्थान में बेचने का आरोप लगा। जानकारी के अनुसार, वाहन को 2.30 लाख रुपये में बेच दिया गया। यह मामला किराये पर दिए गए वाहनों के दुरुपयोग का एक अलग उदाहरण है।

वारदात के बाद बुकिंग से लेकर वापसी तक निगरानी बढ़ाई

डीघल की वारदात के बाद पुलिस सक्रय हुई। पुलिस ने सभी एजेंसी संचालकों से दस्तावेज लेने और उन्हें पूरी जांच के बाद ही वाहन देने की बात कही थी। इसके बाद रोहतक में एक भी नया मामला किराये पर गाड़ी का वारदात में प्रयोग होने का सामने नहीं आया है।

फिलहाल किराये की गाड़ी का इस्तेमाल अपने आप में अपराध नहीं है, लेकिन ऐसी गाड़ियों के जरिए गंभीर वारदात सामने आने से सत्यापन और निगरानी की व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत स्पष्ट होती है। अब पुलिस के लिए यह पता लगाना भी अहम है कि गाड़ी किसने बुक की, भुगतान किसने किया, वाहन किसके कब्जे में रहा और वारदात के बाद किस रास्ते से निकला।

सीआईए को सौंपी मामले की जांच

पुलिस की ओर से मामले में संज्ञान लेते हुए और तेजी से कार्रवाई करते हुए अब मिलन ढाबा हत्याकांड की जांच अब सीआईए टीम को सौंप दी गई है। अब मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ चल रही है।

इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही असल हमलावरों तक पहुंच सकती है। फिलहाल जांच जारी है। आइएमटी पुलिस थाना एसएचओ राजकरण ने बताया कि इस मामले की जांच फाइल सीआईए को सौंप दी गई है। सीआईए ही मामले की जांच करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।