बहू ने ऐसा लगाया आरोप कि आहत दंपती ने खाया जहर, सास की मौत व ससुर गंभीर
बहू ने ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इससे सास व ससुर इतने आहत हो गए कि जहर खा लिया। इससे सास की मौत हो गई और ससुर की हालत गंभीर है।
जेएनएन, सांपला (रोहतक)। खंड के एक गांव में पुत्रवधू के गंभीर आरोपों से क्षुब्ध दंपती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। सास की मौत हो गई और ससुर गंभीर हालत में पीजीआइ में भर्ती है। पुलिस ने बहू के पति की शिकायत पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। बहू ने ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
पुलिस को दी शिकायत में सांपला थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी पत्नी ने 22 अगस्त को सांपला थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसमें बहू ने ससुर पर भी दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं मायके वालों को बुलाकर उनके साथ मारपीट भी की थी, जिसमें वह घायल हो गया था। इन आरोपों से उसके माता-पिता काफी आहत थे। सोमवार को उसके पिता व मां ने घर में ही जहरीले पदार्थ का खा लिया।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ की पहली महिला कैब चालक निकली 'रिवॉल्वर रानी', पुलिस ने किया गिरफ्तार
कैंसर से पीडि़त है ससुर
जहर खाने के बाद पीजीआइ में भर्ती व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह कैंसर से पीडि़त हैं और उसका इलाज चल रहा है। व्यक्ति का कहना है कि पुत्रवधू के लगाए आरोपों से वह काफी क्षुब्ध हो गया था, इसी वजह से उसने और उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया।
-----
'' दंपती के बेटे की शिकायत पर आरोपित महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
- कुलबीर सिंह, प्रभारी, सांपला थाना।