यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देकर पूरा किया 36 घंटे का निर्जला व्रत
जागरण संवाददाता रोहतक सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने वीरवार 36 घंटे का नि

जागरण संवाददाता, रोहतक :
सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने वीरवार 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। श्रद्धालुओं ने शहर में विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा की और उगते सूरज को अर्घ्य दिया। रोहतक में भालौट सब ब्रांच पर बनाए गए पक्के घाट पर सुबह पूजा-अर्चना और सूर्याेपासना की गई। वहीं, गौकर्ण तालाब में भी बड़ी संख्या में छठ पूजा के लिए श्रद्धालु पहुंचे। छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने आतिशबाज की और रंग गुलाल लगाकर एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। यहां पर मेला भी लगा रहा। आस्था का पर्व छठ महापर्व रोहतक में धूमधाम से मनाया गया। वीरवार सुबह उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया गया। जिसके बाद छठव्रतियों ने अपना 36 घंटे का व्रत समाप्त किया। इसी के साथ ही यह महापर्व पूरा हुआ। कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि रात करीब चार बजे ही व्रती घाट पर पहुंचने शुरू हो गए थे। जिसके बाद करीब पांच बजे तक भी श्रद्धालु यहां आते रहे। जिसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से घाट पर खड़े रहकर सूर्योपासना की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा का यह महापर्व पूर्ण किया। शहर में दिल्ली बाईपास पर इस बार भालोट सब ब्रांच पर पूजा के लिए बनाए पक्के घाट पर श्रद्धालु ने पूजा की। पूर्वांचल एकता सेवा समिति के प्रधान राम इकबाल राय ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर वीरवार को कलानौर से विधायक शकुंतला खटक भी पहुंची। राय ने बताया कि घाट पर सजावट की गई जो आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस बार श्रद्धालुओं को यहा पक्का घाट मिल गया है। जिसके लिए उनकी वर्षाें पुरानी मांग थी। सरकार ने उनकी मांग पूरी करते हुए यहां पर पक्का घाट तैयार कराया है। वहीं, बाकी जगह पर भी उन्होंने पक्का घाट बनाए जाने की मांग की है।
---
गौकर्ण तालाब पर उमड़े श्रद्धालु
उधर, बाबा लक्ष्मणपुरी डेरा परिसर में बने गौकर्ण तालाब पर भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंच कर छठ पूजा की। श्रद्धालु यहां अल सुबह चार बजे की पहुंचना शुरू हो गए थे। जिनके यहां आने का सिलसिला पांच बजे तक चलता रहा। छठ पूजा के साथ ही श्रद्धालुओं ने यहां आतिशबाजी भी की। श्रद्धालुओं ने यहां डेरे के महामंडलेश्वर बाबा कपिलपुरी से आशीर्वाद भी लिया।
--
लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़ :
दिल्ली बाईपास के समीप बनाए घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ी रही, जिससे दिल्ली बाईपास से आगे कुछ समय जाम की स्थिति भी बनी रही। व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए। ट्रैफिक सुचारू करने के लिए पुलिस के जवानों को कुछ समय के लिए मशक्कत भी करनी पड़ी। यहां पूजा स्थल के आस-पास मेला भी लगाया गया। जहां पर बच्चों के लिए खेल, खिलौने खरीदे और झूलों का आंनद भी लिया। समिति की ओर से यहां पर हर साल छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जाता है।
