रोहतक में घरेलू विवाद में आढ़ती प्रधान ने रॉड से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, 8 महीने बाद मायके से ससुराल लौटी थी मृतका
रोहतक के मोखरा गांव में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान नरेश उर्फ नीशू ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी मीना की लोहे की राड से पीटकर हत्या कर दी।
-1795106977941_m.webp)
आढ़ती प्रधान ने लोहे की राड से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या।
HighLights
पहलवान ने घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या की
लोहे की राड से पीटकर वारदात को अंजाम दिया
पुलिस ने आठ ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज किया
जागरण संवाददाता, रोहतक। बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र के मोखरा गांव में बुधवार रात घरेलू विवाद में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान और कलानौर आढ़ती प्रधान नरेश उर्फ नीशू ने लोहे की राड से पीट-पीटकर पत्नी मीना (39) की हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात में नरेश के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला का भाई और पिता मोखरा पहुंचे तो मीना खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली। आरोपित मौके से लोहे की राड लेकर फरार हो गया। पुलिस ने महिला के भाई अजय की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
आठ महीने तक मायके में रही थी मीना
बहादुरगढ़ के शास्त्री नगर निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी छोटी बहन मीना की शादी वर्ष 2006 में मोखरा निवासी नरेश उर्फ नीशू पहलवान से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में नरेश ने मीना के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नरेश शराब और अफीम का नशा करता था और नशे में बहन के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वह मीना को अपने घर ले आए थे। मीना करीब आठ महीने तक मायके में रही और छह महीने पहले ही ससुराल लौटी थी।
पुलिस और सीएम विंडो पर भी की थी शिकायत
अजय का आरोप है कि उन्होंने मारपीट को लेकर कई बार पुलिस से शिकायत की थी। सीएम विंडो पर भी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होती तो उनकी बहन की जान बच सकती थी।
भांजी ने फोन कर दी थी मां की पिटाई की सूचना
अजय के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:30 बजे उनकी भांजी ने फोन किया। उसने बताया कि पिता लोहे की राड से मां की पिटाई कर रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान मुकेश, सुरेश, विकास, साहिल, नाबालिग भांजा, मुकेश की पत्नी रेखा और तपा प्रधान रामकिशन मलिक भी मीना को पीट रहे थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक महिला के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। -जसबीर सिंह, प्रभारी, बहुअकबरपुर थाना।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।