नलों में दूषित पानी की आपूर्ति से नागरिक त्रस्त
शहर की आबादी साढ़े पांच लाख है। अधिकतर आबादी दूषित पानी से त्रस्त है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की आबादी साढ़े पांच लाख है। अधिकतर आबादी पीने के पानी खासकर दूषित पानी से त्रस्त है। कहीं पर पानी की सप्लाई नहीं है, जहां है, वहां दूषित व गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। शायद ही ऐसा कोई एरिया होगा, जहां पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी मिल रहा है। शासन-प्रशासन को नागरिक लगातार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। वर्तमान में पाश एरिया से लेकर आउटर एरिया में नागरिकों की सबसे बड़ी मांग स्वच्छ पानी की है। दैनिक जागरण नागरिकों की इस ज्वलंत मांग को लेकर विशेष मुहिम शुरू कर रहा है। इस मुहिम के माध्यम से जमीनी हकीकत से रूबरू करवाते हुए शासन-प्रशासन तक नागरिकों की आवाज पहुंचाने के साथ-साथ समाधान व सुझाव भी दिए जाएंगे।
कागजों में 135 लीटर प्रति व्यक्ति, हकीकत में 50 फीसद भी नहीं
शहरी क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रत्येक दिन प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी आपूर्ति का नियम है। विभागीय अधिकारी 90 से सौ लीटर प्रति दिन प्रति व्यक्ति देने का दावा करते हैं। लेकिन हकीकत इससे दूर है। जिस तरह से नागरिकों की शिकायतें आ रही है, उससे लगता नहीं कि विभाग 50 लीटर प्रति व्यक्ति भी आपूर्ति करने में सफल हो रहा है। रोस्टर के अनुसार दो टाइम पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन अधिकतर एरिया में एक टाइम ही मुश्किल से पानी लोगों को मिल पा रहा है। जहां पर पानी की आपूर्ति हो रही है, वहां सीवरेज का पानी मिक्स होकर नलों में पहुंच रहा है। जिसके कारण पानी पीने के लिए ही नहीं बल्कि कपड़े धोने तक में इस्तेमाल नहीं हो रहा। यह नागरिकों की गंभीर समस्या बनी हुई है। आपके यहां भी यदि दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है तो करें शिकायत :::
ह्मश्रद्धह्लड्डद्म@द्धद्बह्म.द्भड्डद्दह्मड्डठ्ठ.ष्श्रद्व
ह्मश्रद्धह्लड्डद्म.द्भड्डद्दह्मड्डठ्ठ@द्दद्वड्डद्बद्य.ष्श्रद्व
मोबाइल नंबर : 9996004553 नोट : दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है तो सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक फोटो सहित दें सूचना।
--
यह भी जानें
नगर निगम क्षेत्र में वार्ड : 22
आबादी : साढ़े पांच लाख
वैध कनेक्शन : 76787
जलघर मुख्य : 04
अवैध कनेक्शन : 16 हजार