रोहतक में अखंड पाठ में जा रहा परिवार रास्ते में खत्म, नो पार्किंग में खड़े ट्रक से टकराई कार; पति-पत्नी और बेटे की मौत
मध्यप्रदेश के रतलाम से पंजाब में जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे एक दंपती और उनके बेटे की रोहतक में सड़क हादसे में मौत हो गई।

जम्मू-कटरा हाईवे पर रिठाल गांव के पास नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से टकराई स्विफ्ट डिजायर कार।
HighLights
रतलाम का परिवार पंजाब जा रहा था जन्मदिन समारोह में
नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन की मौत
पुणे में नौकरी मिलने से पहले ही बेटे ने गंवाई जान
जागरण संवाददाता, रोहतक। मध्यप्रदेश के रतलाम से पंजाब में परिवार के एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे दंपती और उनके बेटे की रोहतक में सड़क हादसे में मौत हो गई। जम्मू-कटरा हाईवे पर रिठाल गांव के पास नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से उनकी स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 23 वर्षीय बेटा शामिल है। परिवार जन्मदिन के अवसर पर आयोजित अखंड पाठ में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं।

करमजीत सिंह और पवनदीप कौर।
मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के रतलाम स्थित इंदिरा नगर निवासी 50 वर्षीय करमजीत सिंह सिद्धू, उनकी 48 वर्षीय पत्नी पवनदीप कौर और 23 वर्षीय बेटे अमरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। करमजीत फाइनेंस के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार करते थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बिना इंडिकेटर नो पार्किंग जोन में खड़ा था ट्रक
पंजाब के लुधियाना निवासी देविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी रिश्तेदार पवनदीप कौर अपने पति और बड़े बेटे के साथ शुक्रवार सुबह रतलाम से पंजाब के गांव बिनझल के लिए रवाना हुई थीं। सुबह करीब 6:15 बजे जब उनकी कार सदर थाना क्षेत्र में रिठाल गांव के पास पहुंची तो नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रक चालक ने वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में बिना किसी इंडिकेटर के खड़ा किया हुआ था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर चालक की पहचान कैथल निवासी गुरमेल सिंह के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुणे में लगी थी बेटे की नौकरी, परिवार में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन और रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पवनदीप कौर की मौसी की बेटी नम्रता ने बताया कि वह नोएडा से रोहतक पहुंची हैं। पवनदीप के दो बेटे थे। छोटा बेटा गुरविंद्र मध्यप्रदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है, जबकि बड़े बेटे अमरेन्द्र सिंह की पुणे में नौकरी लगी थी। परिवार के लिए यह खुशी का अवसर था, लेकिन नौकरी शुरू होने से पहले ही अमरेन्द्र की जिंदगी खत्म हो गई।
देविंद्र सिंह के अनुसार, परिवार पंजाब के गांव बिनझल में अपनी भतीजी के जन्मदिन पर आयोजित अखंड पाठ में शामिल होने जा रहा था। पवनदीप कौर का मायका लुधियाना में था और परिवार का पंजाब आना-जाना रहता था। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।