यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कैप्टन मनोज कुमार ने संभाला डीसी का पदभार, लोगों को कोरोना से सुरक्षित रखना पहली प्राथमिकता
कैप्टन मनोज कुमार (आइएएस) ने सोमवार को जिला उपायुक्त के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। फारच्यूनर गाड़ी से कार्यालय में पहुंचने पर जिले के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

जागरण संवाददाता, रोहतक : कैप्टन मनोज कुमार (आइएएस) ने सोमवार को जिला उपायुक्त के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। फारच्यूनर गाड़ी से कार्यालय में पहुंचने पर जिले के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहली प्राथमिकता जनसेवाएं हैं ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
पदभार संभालने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन को निर्धारित समयावधि में ईमानदारी व निर्बाध रूप से जनसेवाएं उपलब्ध हो, यह उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। नवनियुक्त उपायुक्त ने कहा कि हर चीज को व्यवस्थित किया जाएगा।
कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि जिला की कानून व्यवस्था पर भी उनका विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी हम सबके लिए एक बड़ी चुनौती है। इस महामारी पर नियंत्रण करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे। जिलावासियों को कोविड-19 के संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए इस महामारी के नुकसान को कम से कम करने हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि कैप्टन मनोज कुमार का हाल ही में रोहतक के उपायुक्त पद पर तबादला किया गया है। इससे पहले वे महिला एवं बाल विकास के निदेशक, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, हरियाणा के सचिव, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग हरियाणा के निदेशक तथा राज्य सैनिक बोर्ड हरियाणा के सचिव पद पर कार्यरत थे। यह रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, एसडीएम रोहतक राकेश कुमार सैनी, सांपला की उपमंडलाधीश गायत्री अहलावत, नगराधीश सुरेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी वरुण श्रीधर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र धनखड़, तहसीलदार राजेश सैनी, डीआईओ जितेंद्र मलिक, उपायुक्त के निजी सहायक विपिन गुप्ता व मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
