रोहतक लोकसभा क्षेत्र में कृषि कानूनों के समर्थन में भाजपा ने निकाली ट्रैक्टर यात्रा
कृषि कानूनों को लेकर भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र में ट्रैक्टर यात्रा निकाली।
जागरण संवाददाता, रोहतक : कृषि कानूनों को लेकर भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र में ट्रैक्टर यात्रा निकाली। झज्जर के डीघल से प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने यात्रा को रवाना किया और सांपला में दीनबंधु चौधरी छोटूराम संग्रहालय में इसका समापन हुआ। कुलताना गांव में कुछ लोगों ने यात्रा को काले झंडे भी दिखाए, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में हैं। लेकिन विपक्ष किसानों को बरगलाकर राजनीति कर रहा है। देश का किसान समझदार है और कांग्रेस व अन्य राजनीति दलों के बहकावे में नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि न तो एमएसपी खत्म होगा और न ही मंडी में खरीद। कृषि कानून किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम करेंगे।
सांसद अरविद शर्मा ने कहा कि जो लोग कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, वे किसान नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी के लोग हैं। प्रदेश में जो खरीद चल रही है उस खरीद में भी एमएसपी के तहत ही फसल खरीदी जा रही है। अब भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर इस कानून के बारे में किसानों को बता रहे हैं। किसान धीरे-धीरे इस कानून को समझने लगे हैं। इसी का नतीजा है कि ट्रैक्टर यात्रा के दौरान भारी जनसमर्थन देखने को मिल रहा है।
वहीं, पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर का कहना है कि कांग्रेस पार्टी के पास अब दाने नहीं बचे हैं। चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपनी हैसियत देख चुकी है। इसलिए उनका विरोध करना स्वाभाविक है।