अशोक तंवर का हुड्डा का बड़ा निशाना, कहा- पूर्व सीएम मेयर प्रत्याशी नहीं कर सकते तय
कांग्रेस के प्रदेश प्रधान डॉ. अशोक तंवर ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेयर प्रत्याशी उतारना हुड्डा का निजी फैसला है।
रोहतक, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि नगर निगम चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा तय किए गए मेयर पद के प्रत्याशियों से पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। इस पद के लिए प्रत्याशी उतारना हुड्डा का निजी फैसला है। जब कांग्रेस ने सिंबल पर नहीं लड़ने का निर्णय हो चुका है तो प्रत्याशी उतारने का मतलब ही नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा और इनेलो को हराने के लिए अपनी मर्जी से मतदान कर सकते हैं।
यहां बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं लड़ने का फैसला किया था। ऐसे में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मैदान में उतारे गए मेयर प्रत्याशी से कांग्रेस से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाजपा और इनेलो के प्रत्याशियों को हराने के लिए अपनी मर्जी से मतदान कर सकते हैं।
अशोक तंवर ने कहा कि मेयर प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारना हुड्डा का निजी फैसला है। बिना सिंबल के किसी को कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर उतारने का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल के जवाब में तंवर ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी नहीं है, केवल विचार मेल नहीं खाते। किसी के भी कुछ विचार हो सकते है और कार्यशैली भिन्न हो सकती है।
अशोक तंवर ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली को लूटकर अब हरियाणा की ओर आ रहे हैं। वह हरियाणा की जनता को भी ठगने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ठगी में नटवरलाल से भी आगे हैं।