विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक में पिटबुल का खौफ, पटाखे देख रहे युवक पर अचानक टूटा कुत्ता; 8 जगह नोचकर किया लहूलुहान

Published: Fri, 06 Nov 2026 11:21 PM (IST)

रोहतक में दीपावली की पूर्व संध्या पर 23 वर्षीय युवक ध्रुव राज परमार पर पड़ोसी के पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक को आठ जगह काटा।

रोहतक में युवक पर पिटबुल का हमला। फोटो जागरण

रोहतक में युवक पर पिटबुल का हमला। फोटो जागरण

HighLights

  1. दीपावली पर युवक पर पिटबुल ने किया हमला।

  2. रोहतक के सेक्टर-14 में हुई घटना, आठ जगह काटा।

  3. पड़ोसी पर कुत्ते को खुला छोड़ने का आरोप।

जागरण संवाददाता, रोहतक। दीपावली की खुशियां मनाने के लिए घर से बाहर निकले 23 वर्षीय युवक को सेक्टर-14 में खूंखार पिटबुल के हमले का सामना करना पड़ा। युवक सड़क पर खड़ा होकर पटाखों की लड़ियां देख रहा था, तभी पड़ोसी के घर से निकले कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक के शरीर पर आठ जगह काटकर उसे लहूलुहान कर दिया।

जान बचाने के लिए युवक को किसी तरह घर के अंदर भागना पड़ा। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। एमडीयू के विधि विभाग में अधीक्षक जितेंद्र परमार ने बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा ध्रुव राज परमार दीपावली से एक दिन पहले शाम करीब सात बजे घर के बाहर खड़ा था। वह पटाखों की लड़ियां देख रहा था।

इसी दौरान पड़ोसी के घर से पिटबुल बाहर आया और अचानक उस पर टूट पड़ा। हमले में युवक को आठ जगह गंभीर घाव आए। जितेंद्र परमार के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी, लेकिन कुत्ते के हमले के डर से कोई बचाव के लिए आगे नहीं आया। किसी तरह घर में पहुंचने के बाद परिजन ध्रुव को दिल्ली बाईपास स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उसके घाव साफ किए और जरूरी इंजेक्शन लगाए।

जितेंद्र परमार ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने पिटबुल को बांधकर रखने के बजाय खुला छोड़ रखा था। उनका दावा है कि कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने कहा कि कुत्ते को खुला छोड़ने की लापरवाही के कारण उनके बेटे को यह चोटें आई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।