रोहतक में 7 एमएम बारिश, सड़कें हुई जलमग्न
जागरण संवाददाता, रोहतक : गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद राहत मिली। अचानक आए मौसम म
जागरण संवाददाता, रोहतक :
गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद राहत मिली। अचानक आए मौसम में बदलाव और तेज हवाओं के साथ रोहतक में झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब तीस मिनट तक बारिश हुई। इस बीच कभी धीमी और कभी तेज बरसात होती रही। मौसम विभाग की मानें तो रोहतक में औसतन 7 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गई। उधर, शनिवार को करीब आधे घंटे हुई बारिश ने ही शहर से जल निकासी के प्रबंधों को आइना दिखा दिया। इस बारिश से शहर में तमाम स्थानों पर सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। जिसमें से निकलना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक रोजाना बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को आगामी दिनों तक भी गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रोहतक का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में और भी गिरावट होने की संभावना है। हालांकि अगले दिनों में बारिश के साथ ही बादल छाने व धूप खिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। किसानों के खिले चेहरे :
बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान की रोपाई के बाद पिछले काफी दिनों से किसानों को बारिश का इंतजार था। शुक्रवार और अब शनिवार को भी हुई बारिश से किसानों में खुशी की लहर है। किसानों का कहना है कि हालांकि बारिश पर्याप्त नहीं है लेकिन इससे खरीफ फसलों को काफी लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि धान की फसल को इन दिनों अधिक बरसात की जरूरत है।