रिश्वत के दोषी नीरज खत्री का नहीं था लोगों से ज्यादा मेल-मिलाप
भ्रष्टाचार में फंसे नीरज खत्री का परिवार रोहतक के विकास नगर में रहता था। फिलहाल लंबे समय से यहां उनके बारे में किसी को खास जानकारी नहीं है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : भ्रष्टाचार में फंसे नीरज खत्री का परिवार रोहतक के विकास नगर में रहता है। लेकिन पिछले छह माह से परिवार कहीं बाहर रहने लगा। उसके मकान में मरम्मत का कार्य चल रहा है। आस पड़ोस के लोगों को भी उनके बारे में खास जानकारी नहीं है क्योंकि परिवार किसी के साथ ज्यादा मेल- मिलाप नहीं रखता था। नीरज खत्री विकास नगर में लंबे समय से रह रहा था। वह पर्यावरण विभाग में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत था। लेकिन बाद में भ्रष्टाचार के मामले में संलिप्त पाया गया। एक मामले में तीन साल की सजा अदालत में सुनाई जा चुकी है। मंगलवार को राउज एवेन्यू अदालत की विशेष अदालत ने भी नीरज खत्री को रिश्वत लेने का दोषी करार देते हुए पांच साल कठोर कारावास और पांच लाख रुपये जुर्माना भरने की सजा सुनाई है। नीरज खत्री को सजा सुनाने के बाद उसके घर पता किया तो वहां मरम्मत का कार्य चल रहा था। मजदूर काम कर रहे थे। उनसे पता किया तो उनके यहां रहने की कोई जानकारी नहीं मिली। पड़ोसियों से परिवार के बारे में जानकारी लेनी चाही तो उनका भी यही कहना था कि छह माह से परिवार यहां नहीं रहता। यहां से किस जगह गया, इस बारे में भी कुछ नहीं पता। इतना जरूर बताया कि जब से उस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, तब से उसने लोगों से मिलना-जुलना बिल्कुल बंद कर दिया था। करीब दो माह पहले नीरज खत्री को देखने का दावा
विकास नगर निवासी एक अधिवक्ता ने बताया कि नीरज खत्री का परिवार रहता था। लेकिन काफी समय से परिवार के सदस्य दिखाई नहीं दिए। हालांकि करीब दो माह पहले नीरज खत्री को गली से गुजरते हुए जरूर देखा था। उसके परिवार से कोई वास्ता नहीं है। नीरज से भी बातचीत नहीं हो सकी थी। कालोनी में उसके रिश्वत के मामले को लेकर लोगों में चर्चाएं जरूर होती रहती हैं। हो सकता है कि इसी बातों को लेकर परिवार अन्य जगह पर शिफ्ट हो गया है। वह एक सेवानिवृत्त अधिकारी के दामाद हैं, जिनका निधन हो चुका है।