महिला दिवस पर हरियाणा की 15 महिलाओं को मिलेगा सम्मान, 5 लाख तक का पुरस्कार; 5 दिसंबर तक करें आवेदन
हरियाणा सरकार 8 मार्च 2027 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करेगी।

हरियाणा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी। फाइल फोटो
HighLights
8 मार्च 2027 को महिला दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान।
5 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करें, 5 लाख तक पुरस्कार।
सुषमा स्वराज, कल्पना चावला सहित कई पुरस्कार शामिल।
जागरण संवाददाता, रोहतक। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2027 को हरियाणा सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करेगी। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक महिलाएं 5 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं।
पुरस्कारों के तहत अधिकतम पांच लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। डीसी सतबीर सिंह ने बताया कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान को पहचान देना है। इसके तहत सुषमा स्वराज पुरस्कार में पांच लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार में 1.50 लाख रुपये और कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार में एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत भी एक लाख रुपये और लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता श्रेणी में चार-चार तथा महिला उद्यमी श्रेणी में दो पुरस्कार दिए जाएंगे। इन सभी पुरस्कारों के तहत प्रत्येक चयनित महिला को 21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र मिलेगा।
परिवार पहचान पत्र और शपथ-पत्र जरूरी
आवेदन करने वाली महिलाओं के पास परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ विधिवत हस्ताक्षरित शपथ-पत्र भी देना होगा। इसमें संबंधित संस्था के विरुद्ध किसी मंच, विभाग या न्यायालय में प्रतिकूल मामला लंबित नहीं होने की घोषणा करनी होगी। आवेदन में गलत जानकारी या अनियमितता मिलने पर पुरस्कार राशि और अन्य मौद्रिक लाभ सरकार को लौटाने होंगे।
आवेदन केवल आनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे। डीसी ने पात्र महिलाओं से अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला विकास भवन स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर चार में संपर्क किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।