प्रधान पद के लिए होगा कड़ा मुकाबला
70 सदस्यों के चुने जाने के बाद अब पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को चुना जाना है। प्रधान सचिव व कोषाध्यक्ष के अतिरिक्त 10 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होना है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: पब्लिक एजुकेशन बोर्ड के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों के लिए होने वाले चुनाव में बेहद कड़ा मुकाबला होना तय है। चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है तथा बृहस्पतिवार को प्रधान पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन किया है। वहीं सचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए भी दो-दो नामांकन दाखिल हुए हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों के 10 पदों के लिए 13 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में पदाधिकारियों के चुनाव में सीधे तौर पर दो धड़े बन गए हैं। शह और मात के खेल में जिसकी चाल मजबूत होगी बाजी उसके ही हाथ लगेगी।
--------
एक प्रत्याशी ले सकते हैं नामांकन वापस
पब्लिक एजुकेशन बोर्ड के चुनाव इस बार खासे रोचक हो रहे हैं। चार सालों के लंबे इंतजार के बाद संस्था के चुनाव हुए हैं। 4 अप्रैल को पहले 70 कोलेजियम सदस्यों के लिए चुनाव थे। 70 सदस्यों के चुने जाने के बाद अब पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को चुना जाना है। प्रधान, सचिव व कोषाध्यक्ष के अतिरिक्त 10 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होना है। कोलेजियम सदस्यों की बैठक बुलाकर यह प्रयास किए गए थे कि निर्विरोध ही पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को चुन लिया जाए, लेकिन आपसी सहमति नहीं बन पाई। बृहस्पतिवार को प्रधान पद के लिए नंदकिशोर गुप्ता, पूर्णचंद भट्ठेवाले व राजीव गुप्ता ने नामांकन किया है। सूत्रों की मानें तो तीनों में से एक प्रत्याशी शुक्रवार को नाम वापस भी ले सकते हैं। वहीं सचिव पद के लिए अजय कुमार गुप्ता व जगमोहन गुप्ता आमने सामने हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए भी अजय यादव व महेंद्र गोयल के बीच सीधा मुकाबला है। पूर्णचंद भट्ठेवाले, अजय कुमार गुप्ता व महेंद्र गोयल एक ही टीम से हैं।
------------
फिर शुरू हुई गहमागहमी
कोलेजियम सदस्यों के चुनाव के दौरान जैसी गहमागहमी थी, वैसी ही गहमागहमी अब पदाधिकारियों के चुनाव के लिए भी शुरू हो गई है। कोलेजियम सदस्यों के चुनाव में जहां पीईबी के 1201 सदस्यों ने वोट डाले थे वहीं पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में वो 70 कोलेजियम सदस्य ही वोटिग कर सकेंगे जो चुनकर आए हैं। चुनाव के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों ने कोलेजियम सदस्यों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। एक दूसरे से गिले शिकवे भी दूर किए जा रहे हैं। अलग-अलग ठिकानों पर देर शाम तक बैठकों का दौर भी जारी था।
---------------
9 अप्रैल को नामांकन वापसी का दिन है। सुबह 10 से 12 बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे चुनाव प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा 1 से 3 बजे के बीच प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 11 अप्रैल को सुबह 10 से 2 बजे तक चुनाव होंगे तथा इसके पश्चात मतगणना करके चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
-डा. कमलेश कुमार, रिटर्निंग अधिकारी
----------------
इनसेट:
कार्यकारिणी सदस्यों के लिए इन 13 लोगों ने किया है नामांकन
अजय डाटा, अनिल रस्तोगी, अनिता गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, जितेंद्र कुमार जिदल, कृष्ण कुमार टक्कर, परमप्रीत सिंह कालरा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, राजेश कुमार वर्मा, राजकुमार लोहिया, सुहेल गुप्ता, सुनील ग्रोवर, विजय गुप्ता ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन किया है। इनमें से जिन 10 प्रत्याशियों को सर्वाधिक मत मिलेंगे उनको सदस्य चुना जाएगा।