विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में भ्रूण लिंग जांच का खेल बेनकाब, 65000 लेते ही बोगस ग्राहक के साथ पहुंचे सेंटर; दो गिरफ्तार

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:58 PM (IST)

रेवाड़ी के मॉडल टाउन स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पीएनडीटी टीम ने छापेमारी कर भ्रूण लिंग जांच के आरोप में ...और पढ़ें

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए दो आरोपित। सौ- विभाग

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए दो आरोपित। सौ- विभाग

HighLights

  1. रेवाड़ी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पीएनडीटी टीम की छापेमारी।

  2. भ्रूण लिंग जांच के आरोप में दो आरोपित गिरफ्तार।

  3. बोगस ग्राहक से 65 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़े।

जागरण संवााददाता, रेवाड़ी। शहर के माडल टाउन स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर रविवार की देर शाम पानीपत और सोनीपत की संयुक्त पीएनडीटी टीम ने छापेमारी की।

बोगस ग्राहक के जरिये की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने भ्रूण लिंग जांच कराने के नाम पर गर्भवती महिला से 65 हजार रुपये लेने वाले दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अल्ट्रासाउंड होने से पहले ही फरार होने की कोशिश कर रहे थे।

आरोपितों के कब्जे से 64 हजार 500 रुपये बरामद भी हो गए हैं। टीम ने माडल टाउन थाना में शिकायत दी है।

नकली ग्राहक बन किया संपर्क

दरअसल, जिला समुचित प्राधिकरण पानीपत को सूचना मिली थी कि राहुल नाम का व्यक्ति गर्भवती महिलाओं की भ्रूण लिंग जांच कराने का काम करवाता है। इसके बाद पानीपत और सोनीपत की पीएनडीटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई।

एक गर्भवती महिला को नकली ग्राहक बनाकर दलाल राहुल से संपर्क किया। टीम के अनुसार, राहुल ने भ्रूण लिंग जांच के लिए 65 हजार रुपये की मांग की। टीम ने पीएनडीटी फंड से 65 हजार रुपये की व्यवस्था की और नोटों के नंबरों की सूची तैयार की।

इसके बाद रविवार को गर्भवती महिला को राहुल के कहने पर रेवाड़ी बुलाया गया। रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में राहुल एक अन्य व्यक्ति रामनिवास के साथ महिला से मिला। राहुल ने महिला से 65 हजार रुपये लिए और उसे अपनी गाड़ी के पीछे आने को कहा।

इसके बाद दोनों माडल टाउन स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सक को दिखाने के बाद अल्ट्रासाउंड के लिए रेफरल स्लिप बनवाई गई। शिकायत के अनुसार, अल्ट्रासाउंड होने से पहले ही दोनों आरोपित गर्भवती महिला को सेंटर पर छोड़कर जाने लगे।

एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग

इसी दौरान संयुक्त पीएनडीटी टीम ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान टीम ने रामनिवास से 34,500 रुपये और गाड़ी के डैशबोर्ड से 30 हजार रुपये बरामद किए। टीम के अनुसार, बरामद नोटों का मिलान पहले तैयार की गई सूची से किया गया।

टीम के अनुसार, राहुल और रामनिवास आपसी मिलीभगत से भ्रूण लिंग बताने के नाम पर लोगों से पैसे लेते थे।

टीम ने दोनों के विरुद्ध पीएनडीटी एक्ट की धाराओं छह (क), 25 व 27 तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318 (चार) और 61 (दो) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। देर शाम तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।

उपसिविल सर्जन एवं पीएनडीटी नोडल अधिकारी डा. विद्यासागर ने बताया कि पानीपत और सोनीपत की संयुक्त टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें- हाथरस में गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत, 32 निजी केंद्रों पर मुफ्त अल्ट्रासाउंड सुविधा

यह भी पढ़ें- रायबरेली के AIIMS में बढ़ेंगी फैसिलिटी, अब इमरजेंसी में भी होगा मरीजों का अल्ट्रासाउंड और एक्सरे; जल्द मिलेगी सुविधा