रेवाड़ी में डेढ़ करोड़ की सड़क की गुणवत्ता खराब, विधायक ने अधिकारियों को लिया आड़े हाथों
रेवाड़ी के सेक्टर-चार में डेढ़ करोड़ की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता खराब होने पर भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई है।

रेवाड़ी में डेढ़ करोड़ की सड़क की गुणवत्ता खराब ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
डेढ़ करोड़ की सड़क की गुणवत्ता पर विधायक ने जताई चिंता।
अधिकारियों की निष्क्रियता से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव नाराज।
दो साल में तीसरी बार बन रही सड़क में खामियां।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। नगर परिषद के अधिकारियों की कार्यशैली से आम लोग ही नहीं, बल्कि भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव भी परेशान हैं।
सेक्टर-चार में विधायक के घर के समीप करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का लेवल और क्वालिटी ठीक नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने विधायक से शिकायत की।
इस पर लक्ष्मण सिंह यादव ने डीएमसी प्रदीप अहलावत और नगर परिषद के अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए भी कहा, लेकिन हुआ कुछ नहीं।
मेरे पास लोग शिकायत लेकर आए थे...
सेक्टर चार के लोग जब दोबारा शिकायत लेकर पहुंचे तो विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा, ‘मेरे पास लोग शिकायत लेकर आए थे। मैंने डीएमसी और अन्य अधिकारियों को सड़क को ठीक से बनवाने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि अभी रोड़ पूरी तरह बनकर खुला भी नहीं और इतनी जल्दी सड़क टूट रही है। बार-बार अधिकारियों को कहने के बाद भी अधिकारियों को मजा आ रहा है या फिर वह इस पर फोकस नहीं कर रहे। या फिर करना ही नहीं चाहते।
उन्होंने आगे कहा कि हो सकता है कि वह किसी का आशीर्वाद लेकर बैठे हैं। हालांकि, अधिकारियों पर किसका आशीर्वाद है इसके बारे में विधायक ने कुछ नहीं कहा।
दो साल में तीसरी बार बन रही यह सड़क
दरअसल, सेक्टर चार में जिमखाना क्लब से डीपीसी कार्यालय होते हुए आगे सेक्टर चार के मेन रोड तक की यह सड़क दो साल में दो बार बन चुकी है। दोनों बार इस सड़क से रोड़ियां निकल गई। मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की।
स्थानीय लोगों ने जब बार-बार शिकायत की तो अब करीब दो माह से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यह सीसी रोड बनाया जा रहा है। इसी सड़क के समीप विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का घर है।
स्थानीय लोगों ने इस बार भी निर्माण सामग्री और सड़क के लेवल पर सवाल उठाते हुए कुछ दिन पहले विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को शिकायत दी थी। जिसके बाद विधायक ने संबंधित अधिकारियों से सड़क का निर्माण कार्य सही से कराने और ठेकेदार पर कार्रवाई करने के लिए कहा।
स्थानीय लोगों की अनुसार, न तो लेवल ठीक हुआ और न ही निर्माण सामग्री ठीक से लगाई जा रही है, जिसकी वजह से सड़क पर पानी भरने के साथ ही कुछ जगह रोड़ियां भी निकलनी शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में चौरी चौरा सड़क परियोजना को रेलवे की मंजूरी, अब भूमि अधिग्रहण की चुनौती
