रेवाड़ी में बनते ही उखड़ने लगी MLA के घर के पास की सड़क, 90 लाख के काम में लापरवाही पर JE सस्पेंड
रेवाड़ी में भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के घर के पास बन रही सड़क की खराब गुणवत्ता के कारण जूनियर इंजीनियर विकास गर्ग को निलंबित कर दिया गया है।

रेवाड़ी में जेई को सस्पेंड किया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर - सोशल मीडिया
HighLights
रेवाड़ी में विधायक के घर के पास सड़क निर्माण में खामी।
खराब गुणवत्ता के कारण जेई विकास गर्ग को निलंबित किया गया।
90 लाख की लागत से बन रही सड़क की रोड़ियां निकलीं।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के सेक्टर-4 स्थित घर के समीप बन रही सड़क की रोड़ियां बनते-बनते ही निकल गईं।
इस मामले में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के जेई विकास गर्ग को बुधवार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
वहीं, निलंबन अवधि के दौरान जेई विकास गर्ग का मुख्यालय पंचकूला नगर निगम रहेगा। उन पर सिविल सेवा नियम-2016 के नियम (83) के तहत कार्रवाई की गई है।
90 लाख से निर्माण कार्य शुरू
दरअसल, करीब 8 माह पहले सेक्टर-4 में 900 मीटर लंबी सड़क का 90 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य शुरू हुआ था। सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोग शुरुआत से ही सवाल उठा रहे थे। चूंकि स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव सेक्टर-4 में ही रहते हैं।
सड़क का लेवल ठीक हुआ
वहीं, ऐसे में इस मामले में विधायक ने भी संज्ञान लेते हुए नगर परिषद के अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए थे। उसके बावजूद न सड़क का लेवल ठीक हुआ और न ही गुणवत्ता ठीक की। जिसकी वजह से बनते-बनते ही सड़क से रोड़ियां निकलनी शुरू हो गई।
इस पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी अधिकारियों पर निशाना साधा था। सड़क का अभी 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
मामला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक पहुंचा तो 20 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से एक टीम रेवाड़ी पहुंची और सड़क के सैंपल लिए। प्रारंभिक जांच में सड़क की गुणवत्ता में खामियां मिलने पर अब जेई विकास गर्ग को सस्पेंड कर दिया गया है।