विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में बिजली निगम के नाहड़, बुड़ौली सब डिवीजन को मिलेंगे नए भवन

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:53 PM (IST)

रेवाड़ी में बिजली वितरण निगम के नाहड़ और बुड़ौली सब डिवीजन कार्यालयों को जल्द ही जर्जर भवनों से मुक्ति मिलेगी, ...और पढ़ें

जर्जर हालत में बिजली वितरण निगम का बुड़ौली सब डिवीजन कार्यालय

जर्जर हालत में बिजली वितरण निगम का बुड़ौली सब डिवीजन कार्यालय

HighLights

  1. नाहड़ और बुड़ौली सब डिवीजन के नए भवन बनेंगे।

  2. बावल सब डिवीजन के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर।

  3. अगले वर्ष तक तीनों सब डिवीजनों को नए भवन मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। बिजली वितरण निगम के जर्जर भवनों में चल रहे सब डिवीजन कार्यालयों को जल्द ही जर्जर भवनों से मुक्ति मिलने वाली है। निगम की तरफ से नाहड़ व बुड़ौली सब डिवीजन के नए भवन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है।

वहीं बावल सब डिवीजन के नए भवन का निर्माण कार्य पहले से ही चल रहा है। अगले वर्ष तक तीनों सब डिवीजनों को अपना नया भवन मिल जाएगा। नाहड़ सब डिवीजन का कार्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में चल रहा है। कर्मचारियों को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अब निगम ने नाहड़ में आधा एकड़ में नया सब डिवीजन भवन बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए निगम की तरफ से 24 लाख रुपये में ग्राम पंचायत से आधा एकड़ जमीन खरीदी गई है। निगम की तरफ से जल्द ही पंचायत को यह राशि स्थानांतरित की जाएगी।

बता दें कि जिले में बिजली निगम के कई सब डिवीजन कार्यालय काफी पुराने भवनों में चल रहे हैं, जिनकी हालत जर्जर हो चुकी है। वर्षा के मौसम में छतों से पानी टपकता है और दीवारों में दरारें आ गई हैं। इससे रिकार्ड के खराब होने का भी डर बना रहता है। नए भवन बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी और कार्यप्रणाली में भी सुधार होगा।

भवन के लिए दो करोड़ की राशि स्वीकृत

नाहड़ में सब डिवीजन के भवन निर्माण के लिए निगम मुख्यालय की तरफ से दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नया भवन बनने से कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसी तरह बुड़ौली सब डिवीजन का कार्यालय भी पुराने व जर्जर भवन में चल रहा है। निगम ने वहां भी नया भवन बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन चिन्हित करने व प्रस्ताव तैयार करने का कार्य चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बुड़ौली में भी जल्द ही जमीन फाइनल कर भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

बावल में चल रहा है भवन का निर्माण

बावल सब डिवीजन के नए भवन का निर्माण कार्य पहले से ही प्रगति पर है। भवन का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार अगले वर्ष तक बावल, नाहड़ और बुड़ौली तीनों सब डिवीजनों को अपना नया भवन मिल जाएगा।यहां पर जर्जर भवन को लेकर निगम कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन भी किया था। जर्जर भवन से आए दिन छत व दीवारों से प्लास्टर गिरता रहता था, जिससे हर समय हादसा होने का भय बना रहता था।

नाहड़ व बुड़ौली सब डिवीजन कार्यालय के नए भवन बनाए जाएंगे। नाहड़ के लिए जमीन लगभग फाइनल हो चुकी है तथा भवन निर्माण की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। अगले साल में नाहड़, बावल व बुड़ौली तीनों जगह नया भवन मिलने की पूरी उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी पुलिस का नशा मुक्ति अभियान: ग्रामीणों को किया जागरूक, पीड़ितों का इलाज जारी