927 वाहन जब्त और 3877 काटे चालान, रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा
रेवाड़ी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और एचएसआरपी वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिसमें सितंबर-अक्टूबर में 3,877 चालान किए गए और 927 वाहन जब्त हुए।

रेवाड़ी पुलिस ने काटे चालान।
HighLights
रेवाड़ी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाहनों पर की कार्रवाई।
सितंबर-अक्टूबर में 3,877 चालान, 927 वाहन जब्त हुए।
1 नवंबर से विशेष चेकिंग अभियान होगा शुरू।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है।
927 वाहन जब्त किए
पुलिस ने सितंबर और अक्टूबर माह में ऐसे कुल 3,877 वाहनों के चालान किए हैं। इसके अलावा 10 से 15 वर्ष पुराने वाहनों सहित कुल 927 वाहन जब्त किए गए हैं। अब एक नवंबर से जिलेभर में विशेष सघन चेकिंग अभियान शुरू किया जाएगा।
स्पष्ट नंबर प्लेट के साथ चलें
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि एक नवंबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान के तहत जिले के प्रमुख चौराहों, प्रवेश और निकास मार्गों, शहर के अंदरूनी रास्तों, अंतरराज्यीय नाकों और हाईवे पर विशेष पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी। इन स्थानों पर वाहनों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी वाहन वैध और स्पष्ट नंबर प्लेट के साथ चलें।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि जिन वाहन मालिकों ने अभी तक अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लगवाई है, वे एक नवंबर से पहले इसे लगवा लें।
उन्होंने कहा कि वाहन पर सही और स्पष्ट नंबर प्लेट होना केवल कानूनी अनिवार्यता ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
