विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में अवैध तेल कारोबार पर पुलिस का छापा, 4000 लीटर तेल बरामद; 15 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई

Published: Sun, 20 Sep 2026 12:35 PM (IST)

रेवाड़ी पुलिस ने अवैध तेल कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भवाड़ी गांव से लगभग 4000 लीटर तेल जब्त ...और पढ़ें

रेवाड़ी में हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई। फोटो: सांकेतिक

रेवाड़ी में हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. रेवाड़ी पुलिस ने अवैध तेल कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

  2. भवाड़ी गांव से लगभग 4000 लीटर अवैध तेल जब्त किया गया

  3. एक व्यक्ति हिरासत में, तेल के स्रोत की जांच जारी है

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी में तेल के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर रेवाड़ी क्राइम ब्रांच और मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीम ने बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में छापेमारी कर करीब 4000 लीटर तेल बरामद किया है।

पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस तेल के स्रोत और अवैध भंडारण व बिक्री के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

भवाड़ी में तेल की बड़ी खेप

बताया जा रहा है कि भवाड़ी गांव में बावल रोड पर अवैध रूप से तेल का भंडारण और बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और मॉडल टाउन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

छापेमारी कर मौके से बड़ी मात्रा में तेल की खेप बरामद हुई। पुलिस टीम ने तेल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

15 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई...

तेल डिपो क्षेत्र में तेल के अवैध कारोबार के विरुद्ध रेवाड़ी पुलिस की यह करीब 15 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले करनावास क्षेत्र में भी पुलिस ने तेल चोरी और अवैध भंडारण से जुड़े मामले में कार्रवाई की थी।

उस मामले में पुलिसकर्मियों पर भी मंथली लेने के आरोप सामने आने के बाद एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।

तेल के स्रोत की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भवाड़ी में बरामद करीब 4000 लीटर तेल कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। कार्रवाई के बाद तेल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- 24 घंटे में 4 पुलिसकर्मी निलंबित, रेवाड़ी में शराब पीकर बदसलूकी करने वाले ASI पर SP का कड़ा एक्शन