विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में 27.35 करोड़ से स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:17 PM (GMT+05:30)

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि रेवाड़ी की स्वास्थ्य व्यवस्था में दो वर्षों में बड़ा बदलाव आया है, जो लोगों के भरोसे पर आधारित है।

रेवाड़ी में 27.35 करोड़ से स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प  ( एआई जेनरेटेड इमेज )

रेवाड़ी में 27.35 करोड़ से स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. रेवाड़ी में 27.35 करोड़ के स्वास्थ्य विकास कार्य जारी।

  2. 20 स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवन, मरम्मत और उपकरण।

  3. पीएचसी धारूहेड़ा सीएचसी में अपग्रेड, आधुनिक उपकरण स्थापित।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दो वर्षों में रेवाड़ी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में काफी बदलाव हुआ है। यह बदलाव केवल इमारतों और मशीनों का नहीं, बल्कि लोगों के भरोसे का बदलाव है।

स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक बेहतर बनाने के लिए जिले के 20 स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवनों के निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए कुल 27.35 करोड़ की राशि से काम चल रहा है। इनमें जिला नागरिक अस्पताल रेवाड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरपुर में विशेष मरम्मत के कार्य पूरे हो चुके हैं।

स्वास्त्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर 

वहीं, कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण कदमों में पीएचसी धारूहेड़ा को सीएचसी में अपग्रेड करना शामिल है।

स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम हुआ है। स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, नियोनेटल वेंटिलेटर, दो बबल सी-पैप मशीन, कलर डाप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन, लिक्विड बेस्ड साइटोलाजी मशीन, 500 एमए एक्स-रे मशीन और हेल्थ एटीएम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

डीसीएच में विशेष मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है

इन उपकरणों का महत्व इसलिए अधिक है, क्योंकि गंभीर मरीजों, नवजात शिशुओं, गर्भवती महिलाओं और विभिन्न बीमारियों की जांच कराने वाले मरीजों को अब बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था आगे बढ़ रही है।

जिले की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार रेवाड़ी डीसीएच में विशेष मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। मीरपुर सीएचसी में भी विशेष मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है।

वहीं, आकेड़ा पीएचसी, मसानी पीएचसी, संगवाड़ी पीएचसी, बीकानेर एसएचसी, बुढपुर एसएचसी, छिल्लर एसएचसी, खड़गवास एसएचसी, खलीलपुर एसएचसी, खटावली एसएचसी, फिदेड़ी एसएचसी, अलावलपुर एसएचसी, गोकलगढ़ एसएचसी, जैतपुर एसएचसी, जाट सयरवास एसएचसी, सहबाजपुर खालसा एसएचसी, काकोड़िया एसएचसी, कापड़ीवास एसएचसी और तुर्कियावास एसएचसी सहित अनेक स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कई संस्थानों में टेंडर, वर्क ऑर्डर अथवा पुराने भवनों को गिराने की प्रक्रिया चल रही है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में पांच पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा यात्रा भत्ता, डायरेक्ट खाते में भेजा जाएगा पैसा