रेवाड़ी में त्योहारी सीजन में मिलावट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 281 किलो घी जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेवाड़ी में त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न गोदामों और ...और पढ़ें

रेवाड़ी में त्योहारी सीजन में मिलावट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
रेवाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावट विरोधी अभियान जारी।
त्योहारी सीजन में विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
संदेह के आधार पर 281 किलोग्राम घी जब्त कर सीज किया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। त्योहारी सीजन में मिठाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की ओर से लगातार जांच जारी है। सोमवार को दिनभर जिले के अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए विभिन्न उत्पादों के नमूने (सैंपल) लिए गए।
इस दौरान 281 किलोग्राम घी की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण सीज किया गया। जांच प्रक्रिया शहर के साधुशाह नगर स्थित गोदाम में हुई। यहां खोया, मिल्क केक और दूध की जांच की गई। मिलावटी का शक होने पर सैंपल लिए गए।
खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
इसके बाद धारूहेड़ा चुंगी स्थित एक गोदाम में जांच की गई, जहां मिल्क केक के सैंपल लिए गए। इसी कड़ी में कालाका रोड के सरस्वती विहार स्थित गोदाम में खोवा की जांच करते हुए सैंपल लिए गए। इसी प्रकार की जांच कसौला चौक स्थित मिठाई की दुकान से खोया, डेयरी से घी के सैंपल लिए गए।
यहां घी की मिलावट का संदेह होने पर 281 किलोग्राम घी को जब्त किया गया। लिए गए सैंपल जांच के लिए मधुबन भिजवाया गया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावट करने वालों पर लगातार जांच करने के साथ चेतावनी दी जा रही है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद नियम अनुसार कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में अभी तक 100 से अधिक प्रतिष्ठानों पर जांच करने के साथ सैंपल लिए जा चुके हैं।
आमजन को होना होगा जागरूक
उन्होंने बताया कि सस्ते रेट के चक्कर में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ करने वालों के प्रति आमजन को भी जागरूक होना होगा। स्वाद और रंग से भी गुणवत्ता की पहचान की जा सकती है।
उत्पाद के पैकेट और डिब्बों में गुणवत्ता और सभी प्रकार का विवरण के साथ रेट भी लिखना होता है। कब बनाया था और कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है आदि विवरण साफ लिखना होगा।
यह भी पढ़ें- पुलिस छावनी में बदला नाहन शहर, 5 से ज्यादा लोग इक्ट्ठे होते ही एक्शन का ऑर्डर; पांच दिन बाद फिर बवाल की आशंका
