रेवाड़ी के बावल में दो फैक्ट्रियों में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 15 से अधिक गाड़ियों ने पाया काबू
रेवाड़ी के बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-3 में बृहस्पतिवार रात दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों इकाइयां ...और पढ़ें

बावल में फैक्ट्री में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी। फोटो: जागरण
HighLights
बावल औद्योगिक क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग
15 से अधिक दमकल गाड़ियों ने घंटों मशक्कत कर आग बुझाई
कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन भारी नुकसान की आशंका
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-3 में बृहस्पतिवार रात दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों फैक्ट्रियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेवाड़ी, बावल और आसपास के शहरों से 15 से अधिक दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब दो बजे आग पर काबू पाया जा सका।
देखते ही देखते फैल गई आग
बृहस्पतिवार रात फैक्ट्रियों में आग लगने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आग तेजी से फैलती गई और दोनों फैक्ट्रियां इसकी चपेट में आ गईं।
आग पर काबू पाने के लिए आसपास के शहरों से भी दमकल गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार प्रयास किया। रात करीब दो बजे आग पूरी तरह काबू में आई।

नाइट शिफ्ट के कर्मचारी सुरक्षित निकले
आग लगने के समय दोनों फैक्ट्रियों में नाइट शिफ्ट चल रही थी। हालांकि रात होने के कारण कर्मचारियों की संख्या कम थी। आग लगते ही कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से दोनों फैक्ट्रियों में भारी नुकसान होने की आशंका है।

मई में केमिकल फैक्ट्री में गई थी चार जान
इससे पहले मई में बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-6 की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। हादसे में झुलसने से चार लोगों की मौत हो गई थी। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार आग की घटनाओं के बाद फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
