रेवाड़ी में जानलेवा हमले के 6 साल पुराने केस में 5 दोषियों को 7-7 साल की कैद, 15-15 हजार रुपये जुर्माना
रेवाड़ी की अदालत ने धारूहेड़ा में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के 6 साल पुराने मामले में पांच दोषियों को 7-7 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। प्रत्येक दोषी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अदालत ने फैसला सुनाया। सांकेतिक तस्वीर - सोशल मीडिया
HighLights
रेवाड़ी कोर्ट ने पांच दोषियों को सजा सुनाई।
धारूहेड़ा में दो युवकों पर जानलेवा हमला किया था।
प्रत्येक दोषी को 7 साल कठोर कारावास, 15 हजार जुर्माना।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के करीब 6 साल पुराने मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित गौतम की अदालत ने 5 आरोपितों को दोषी करार देते हुए 7-7 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोषियों को अलग-अलग धाराओं में अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। दोषियों की पहचान धारूहेड़ा के बास रोड के सन्नी, गांव ढाकिया के अजय उर्फ कसाब, धारूहेड़ा के धीरज उर्फ धीरू, मोहल्ला रामनगर के राकेश और गांव मनेठी के दीपक उर्फ दूधिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गांव ढाकिया के प्रीतम ने शिकायत में बताया था कि 28 जून 2020 को शाम वह अपने साथी प्रवीण के साथ बाइक पर धारूहेड़ा जा रहा था। जब वे विवेकानंद स्कूल के पास पहुंचे तो गांव ढाकिया के अजय ने उनकी बाइक रुकवा ली।
युवकों पर हमला कर दिया
इसके बाद अजय और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और राड से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिकायत के आधार पर थाना धारूहेड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले में पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अदालत में चालान पेश किया।
वहीं, सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत करने के साथ गवाहों के बयान भी दर्ज कराए गए। पुलिस की प्रभावी पैरवी और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने पांचों आरोपियों को दोषी करार दिया।
इन धाराओं में सुनाई सजा
अदालत ने धारा 307/149 के तहत सात वर्ष का कठोर कारावास और सात हजार रुपये जुर्माना, धारा 325/149 में तीन वर्ष का कठोर कारावास और तीन हजार रुपये जुर्माना, धारा 506/149 में दो वर्ष का कठोर कारावास और तीन हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 148 में एक वर्ष का कठोर कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
इसके अलावा धारा 323/149 में तीन माह और धारा 341/149 में एक माह के कारावास की सजा सुनाई गई है। सभी धाराओं के तहत लगाए गए जुर्माने की कुल राशि 15 हजार रुपये प्रति दोषी बनती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।