विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में 348 करोड़ से बनेगा 300 बेड का नया अस्पताल, बेसमेंट पार्किंग की भी होगी सुविधा

Published: Sat, 21 Nov 2026 04:57 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी में 300 बेड के नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग के लिए 348.28 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह बहुमंजिला अस्पताल पुरानी जगह पर ही बनेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो- जागरण

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो- जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने 300 बेड अस्पताल के लिए 348 करोड़ रुपये मंजूर किए।

  2. नई बिल्डिंग पुरानी जगह पर ही बनेगी, होगी बहुमंजिला।

  3. रेवाड़ी के लोगों को मिलेंगी बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। पुरानी जगह पर ही नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग बनने का रास्ता साफ हो गया है। 300 बेड के अस्पताल के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 348.28 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है।

इससे नए साल तक अस्पताल की बिल्डिंग का कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद जगी है। नया अस्पताल बहुमंजिला होगा। इसमें छह फ्लोर पर अस्पताल होगा, जबकि बेसमेंट में डबल स्टोरी पार्किंग होगी।

दरअसल, बजट मंजूर नहीं होने से नए अस्पताल का कार्य अटका हुआ था। अब जल्द ही नागरिक अस्पताल के नए भवन की ड्राइंग फाइनल होने की उम्मीद भी जगी है।

बिल्डिंग को तोड़ने का कार्य शुरू होगा

यह फाइल पिछले तीन माह से चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में अटकी हुई है। यह फाइनल होते ही पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने का कार्य शुरू हो जाएगा। जब तक अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य होगा, तब तक शहर में अस्थायी तौर पर अस्पताल की सेवाएं चलेंगी। इसके लिए सेक्टर चार और मॉडल टाउन में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जगह भी देखी जा चुकी है।

इसी साल हुई थी 300 बेड के अस्पताल की घोषणा

बता दें कि सरकुलर रोड के साथ लगती करीब पांच एकड़ जमीन पर संचालक नागरिक अस्पताल की बिल्डिंग 40 साल से भी ज्यादा पुरानी है। जबकि 200 बेड का अस्पताल अपग्रेड होने के बाद चिकित्सकों के लिए बनाई गई नई बिल्डिंग करीब सात साल पुरानी है।

इसी साल प्रदेश सरकार ने बजट में रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल को 300 बेड का अपग्रेड करने की घोषणा की थी। जब जो नई बिल्डिंग बनेगी, वह 300 बेड के हिसाब से ही बनेगी।

पहले बाहर शिफ्ट करने की थी योजना

पहले नागरिक अस्पताल को शहर से दूर बाहरी एरिया में शिफ्ट करने की योजना थी। इसके लिए कई गांवों में जमीन भी तलाशी गई थी। गांव रामगढ़-भगवानपुर के ग्रामीणों ने इसके लिए करीब सात एकड़ जमीन दे भी दी थी।

वहीं, बाद में अस्पताल की घोषणा नहीं होने पर रामगढ़ के ग्रामीणों ने काफी दिन धरना-प्रदर्शन भी किया था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की पुरानी जगह पर ही नई बिल्डिंग बनाने का फैसला लिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने सीएम का आभार जताया

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस बड़ी परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 348.28 करोड़ रुपये की यह मंजूरी केवल एक अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि रेवाड़ी के लाखों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अस्पताल के निर्माण से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अपने ही जिले में मिल सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।