विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली-पानी संकट से रेवाड़ी में भी त्राहिमाम, ग्रामीणों ने लगाया जाम; कोर्ट से फैक्ट्रियों तक कामकाज ठप

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:14 PM (IST)

रेवाड़ी जिले में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण व्यापक ब्लैकआउट हो गया है, जिससे शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गंभीर बिजली और पानी का संकट गहरा गया है।

बिजली हड़ताल से रेवाड़ी बेहाल

बिजली हड़ताल से रेवाड़ी बेहाल

HighLights

  1. बिजली हड़ताल से रेवाड़ी में गंभीर बिजली संकट।

  2. शहर-गांवों में पानी की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित।

  3. बावल औद्योगिक क्षेत्र में उत्पादन ठप, ग्रामीण सड़कों पर।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिले में ब्लैकआउट होने से बिजली संकट के साथ ही अब पानी का संकट भी छा गया है। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। कई गांवों में तो बुधवार रात से ही बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के चलते बृहस्पतिवार को भी पानी की आपूर्ति नहीं हुई थी, जिसके चलते यहां पर हालात और भी खराब हैं।

सरकारी स्कूलों में भी पानी की आपूर्ति नहीं होने से शिक्षकों व विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ी हुई है। बिजली कर्मियों की हड़ताल की सूचना के बाद जिम्मेदारों ने अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की।

24 घंटे से बिजली गुल रहने के चलते घरों में लगे इन्वर्टर भी ठप हो गए हैं।जिला प्रशासन के अतिरिक्त व्यवस्था के दावे कागजी साबित हुए हैं।जिले में शुक्रवार को भी 1100 से अधिक बिजली कर्मचारी हड़ताल पर रहे।

बिजली-पानी संकट से परेशान ग्रामीण

गांव मुसेपुर में बिजली-पानी संकट से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा।खोल थाना प्रभारी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। दो दिन से बिजली नहीं होने के चलते गांव में पानी का संकट गहरा गया है, जिसके चलते आमजन के साथ ही पशुओं के लिए भी पेयजल संकट ना हुआ है।

बावल इंडस्ट्रियल एरिया में भी बिजली गुल

बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 13, 14 व सेक्टर तीन में दो दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित चल रही है, जिसके चलते 100 से अधिक फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से कर्मचारियों की छुट्टी करनी पड़ी।पावर हाउस में कर्मचारी नहीं होने के चलते पुन: आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है।

जिला बार एसोसिएशन ने किया वर्क सस्पेंड

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिला बार परिसर में भी अंधेरा छा गया है।इसके चलते बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को वर्क सस्पेंड कर दिया है। शुक्रवार को वर्क सस्पेंड होने के चलते अब सोमवार से ही बार परिसर में व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्योंकि शनिवार व रविवार को अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में ब्लैकआउट: बिजली हड़ताल से 1000 करोड़ का कारोबार ठप, रात में सड़कों पर उतरे लोग