विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में वायु प्रदूषण पर नकेल: 60 फैक्ट्रियों पर 24 घंटे CCTV और सेंसर की नजर

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:37 AM (IST)

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रेवाड़ी में वायु प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अब जिले की ...और पढ़ें

रेवाड़ी में वायु प्रदूषण पर नकेल (एआई जेनरेटेड इमेज )

रेवाड़ी में वायु प्रदूषण पर नकेल (एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. रेवाड़ी की 60 रेड कैटेगरी फैक्ट्रियों पर निगरानी।

  2. 24 घंटे सीसीटीवी और स्मार्ट सेंसर से मॉनिटरिंग।

  3. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सख्त कार्रवाई, पारदर्शिता बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिले में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने सख्त कदम उठाए हैं। बड़ी मात्रा में प्रदूषण उत्सर्जित करने वाली रेड कैटेगरी की 60 फैक्ट्रियों पर अब 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और स्मार्ट सेंसरों से निगरानी की जाएगी।

इनमें मुख्य रूप से फूड प्रोसेसिंग और टेक्सटाइल फैक्ट्रियां शामिल हैं, जिन पर बोर्ड की विशेष नजर है। इन फैक्ट्रियों में लगे कैमरों से निकलने वाला लाइव वीडियो फीड रियल-टाइम स्ट्रीमिंग प्रोटोकॉल (आरटीएसपी) के माध्यम से सीधे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सर्वर से जुड़ा हुआ है।

इससे अधिकारी कार्यालय में बैठकर ही फैक्ट्रियों की गतिविधियों और उत्सर्जन की स्थिति को लाइव देख सकेंगे। अगर कोई फैक्ट्री मानकों का उल्लंघन करती है या रात के समय चोरी-छिपे प्रदूषण फैलाती है, तो तुरंत पकड़ में आ जाएगी।

इस पहल से पारदर्शिता बढ़ेगी और फैक्ट्री संचालक प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों को बंद नहीं कर पाएंगे। अब तक कई फैक्ट्रियां दिन में उपकरण चलाती थीं और रात में बंद कर देती थीं। लेकिन, लाइव मॉनिरिटिंग से इस पर रोक लगेगी।

प्रदूषण नियंत्रण और नियमों के पालन की निगरानी के लिए अब पारंपरिक जांच के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण की चौबीसों घंटे रीयल-टाइम मानिटरिंग करना है।

स्मार्ट सेंसर हवा में पीएम 2.5, पीएम 10 और अन्य गैसों की मात्रा को लगातार मापते रहेंगे और डाटा सीधे सर्वर पर भेजते रहेंगे। अगर प्रदूषण का स्तर तय सीमा से अधिक होता है, तो सिस्टम ऑटोमेटिक अलर्ट जारी कर देगा। बता दें कि जिले में पिछले दो दिनों से वायु प्रदूषण का स्तर 150 के करीब बना हुआ है, जो सामान्य से अधिक है।हालांकि सोमवार को एक्यूआइ सुधार के साथ 100 से नीचे रहा।


रेड कैटेगरी में शामिल फैक्ट्रियों में सीसीटीवी और ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लग चुके हैं। इसको लेकर पहले ही बोर्ड की तरफ से निर्देश दिए गए थे। जो फैक्ट्री निर्देशों का पालन नहीं करेगी, उसके विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और उसका संचालन बंद भी किया जा सकता है।- अजय यादव, एसडीओ हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में RTA की बड़ी कार्रवाई, प्रदूषण जांच केंद्र पर अनियमितता मिलने पर लगा ताला