विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर रेलवे का तोहफा: मंडोर एक्सप्रेस में बढ़ेंगे AC कोच, साबरमती-दिल्ली के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

Published: Fri, 09 Oct 2026 01:53 PM (IST)

उत्तर पश्चिम रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के लिए जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त एसी कोच जोड़े हैं।

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

HighLights

  1. मंडोर एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त एसी कोच जोड़े जाएंगे

  2. जोधपुर से 10 अक्टूबर, दिल्ली से 11 अक्टूबर से सुविधा

  3. साबरमती-दिल्ली के बीच विशेष आरक्षित ट्रेन चलेगी

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। आगामी त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और आरामदायक सफर को सुनिश्चित करने के लिए ये फैसला लिया गया है।

जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। साथ ही, साबरमती से दिल्ली के बीच एक विशेष आरक्षित ट्रेन चलाने की भी घोषणा की गई है।

कब से शुरू होगी यह सुविधा?

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन संख्या 22491/22492, जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में वातानुकूलित (AC) श्रेणी के दो अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जा रहे हैं। इसमें एक सेकंड एसी (2nd AC) और एक थर्ड एसी इकोनॉमी (3rd AC Economy) श्रेणी का कोच शामिल है।

यह सुविधा जोधपुर से रवाना होने वाली ट्रेन में 10 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक और दिल्ली से रवाना होने वाली ट्रेन में 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी। इस बढ़ोतरी से लंबी वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।

साबरमती-दिल्ली के बीच शुरू होगी स्पेशल ट्रेन

इसके अलावा, रेल प्रशासन ने साबरमती-दिल्ली के बीच एक स्पेशल आरक्षित ट्रेन संचालित करने का भी फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04251, साबरमती-दिल्ली आरक्षित स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर को साबरमती से रात 10:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन, यानी 11 अक्टूबर को शाम 5:25 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।

यह स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान मार्ग में मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, अलवर जंक्शन, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली सराय रोहिल्ला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे के इस कदम से राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- Indian Railway News: दीपावली पर नहीं आएगी दिक्कत, निजामुद्दीन और खजुराहो के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन