सराहनीय कार्यों के लिए आरटीएच सम्मानित
कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों की मदद करने पर जिला प्रशासन द्वारा समाजिक संस्था को सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों की मदद करने पर जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक संस्था रेडी-टू-हेल्प (आरटीएच) को सम्मानित किया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल हुड्डा ने आरटीएच के जिला संयोजक विजय सैनी व मयंक सैनी को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया।
एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों की सहायतार्थ चलाए जा रहे कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं ने अहम योगदान देकर अपने सामाजिक सरोकारों का निर्वहन किया है। ऐसी स्थिति में प्रशासन का भी यह कर्तव्य बनता है कि सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित कर उनका हौसला अफजाई करें। इसी मुहिम के तहत ही रेडी-टू-हेल्प को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। विजय सैनी ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले चार महीनों से कोरोना के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत लोगों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित किये जा रहे हैं। जरूरतमंद लोगों को सूखा राशन भी मुहैया करवाया जा रहा है। रेवाड़ी के साथ यह अभियान महेंद्रगढ़, झज्जर व रोहतक जिलों में चलाया जा रहा है।