Rewari News: ...बस मौत से 6 इंच दूर थी मासूम गाय, पढ़िए- कैसे पूरा हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
गाय की जान बचन के बाद लोग भी अब दमकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रेवाड़ी [महेश कुमार वैद्य]। Cow Save Operation In Rewari: दिल्ली से सटे हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक मासूम गाय के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी उस समय भगवान बन गए, जब वह एक खुले मैनहॉल में गिर गई। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद मासूम गाय की जान बचाई। गाय को सही सलामत निकालने पर लोग दमकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता के मुताबिक, सड़क पर बेसहारा घूम रही एक गाय शनिवार-रविवार की रात को सीवर के खुले मैनहॉल में गिर गई। घटना नेहरू पार्क के सामने की है। इस बात की जानकारी शनिवार को सुबह उस समय लगी जब लोग घूमने के लिए पार्क में पहुंचने शुरू हुए। गाय की जिंदगी और मौत के बीच बस कुछ मिनटों का फैसला था। गाय मैनहॉल में लगातार हर मिनट नीचे की ओर जा रही थी। इस बीच सेक्टर 1 व आसपास के लोगों ने पहले रस्सियों की मदद से गाय को निकालने का प्रयास किया, मगर कामयाबी नहीं मिली।
इस बीच नगर परिषद व फायर ब्रिगेड की टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची तथा जेसीबी की मदद से उस समय गाय को बाहर निकाला जब मौत के मुंह में समाने वाली थी। गाय के मैनहॉल में गिरे होने की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। जिसने सुना वही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा।
वहीं, नगर परिषद के अधिकारी अजय सिक्का ने सूचना मिलते ही पूरा अमला घटनास्थल पर भेज दिया। नगर परिषद, फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस व गौ भक्तों ने मिलकर गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिस समय गाय को बचाने का प्रयास किया गया, उस समय गाय का मुंह केवल छह इंच बाहर था। अगर 1 मिनट की देरी भी हुई होती तो गाय ऐसी गहरी लाइन में धंस चुकी होती, जहां जीवन की संभावना खत्म थी।