विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FPS लाइसेंस: अब 25 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, रेवाड़ी में मिलेंगी 210 दुकानें; क्या हैं नियम और पात्रता?

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:31 PM (IST)

खाद्य आपूर्ति विभाग ने हरियाणा में 2651 नई उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर तक बढ़ा दी है।

राशन डिपो लाइसेंस की अंतिम तिथि बढ़ी।  (एआई इमेज)

राशन डिपो लाइसेंस की अंतिम तिथि बढ़ी। (एआई इमेज)

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। प्रदेश में 2651 नई उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस) के लाइसेंस के लिए आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक आवेदक 25 नवंबर तक पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निश्चित की गई थी।

कई जगह आवेदन नहीं आने के चलते विभाग की तरफ से अंतिम तिथि को बढ़ाया गया है। रेवाड़ी जिले में 210 दुकानों के लाइसेंस के लिए आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वर्तमान में रेवाड़ी जिले में 234 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से करीब सवा लाख परिवारों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

नई दुकानों के लाइसेंस जारी होने से इनकी संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी। खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से अंतिम तिथि बढ़ाने से संबंधित पत्र जारी कर दिया गया है।

15 दिन आगे बढ़ाई गई है तिथि

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इस मामले को प्राथमिकता देते हुए गांवों व शहरों में विशेष मुनियादी करवाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकें।

बता दें कि प्रदेशभर में 2651 नई उचित मूल्य की दुकानों हेतु डिपू लाइसेंस जारी करने के लिए आनलाइन पोर्टल का शुभारंभ 10 अक्टूबर को किया गया था। पोर्टल पर आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर निश्चित थी। अब इसे 15 दिन आगे बढ़ाया गया है।

12वीं पास व कंप्यूटर ज्ञान जरूरी

आवेदक की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए, कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है तथा बेसिक कंप्यूटर ज्ञान का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इस प्रक्रिया में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का भी प्रविधान है। उम्मीदवार अपने जिले और गांव की उपलब्ध रिक्तियाें के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

'उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस के लिए आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। अभी तक जो पात्र व्यक्ति आवेदन नहीं कर पाए हैं, वह आवेदन कर सकते हैं।'

- नितिन सिंगला, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।