साइकिल यात्रा के अनुभव ने दी बेटियों के सम्मान की प्रेरणा
रोटरी क्लब रेवाड़ी मेन की ओर से पर्वतारोही सुनीता चौकन के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हाल ही में 45 दिन में लगभग 5 हजार किलोमीटर की यात्रा सफलता पूर्वक पूरी करने पर रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन की ओर से सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब के असिस्टेंट गर्वनर नवीन अरोड़ा और वन मंडल अधिकारी सुंदरलाल सांभरिया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनीता को सम्मानित किया। क्लब के प्रधान सुनील ठकराल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सुनीता के साथ उनके माता पिता का भी सम्मान किया गया। सुनीता ने सौराष्ट्र से 15 जुलाई को अपनी साइकिल यात्रा आरंभ कर नेपाल की राजधानी काठमांडू तक करीब पांच हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा करते हुए बेटी बचाओ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी : रोटरी क्लब रेवाड़ी मेन की ओर से पर्वतारोही एवं क्लब की सदस्य सुनीता चौकन के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झज्जर रोड स्थित जेआरएम पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 45 दिन में लगभग 5 हजार किलोमीटर की यात्रा सफलता पूर्वक पूरी करने पर सुनीता को सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब के असिस्टेंट गर्वनर नवीन अरोड़ा और वन मंडल अधिकारी सुंदरलाल सांभरिया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। क्लब के प्रधान सुनील ठकराल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सुनीता के साथ उनके माता पिता का भी सम्मान किया गया। सुनीता ने रेवाड़ी की बेटी के साथ हुए दुष्कर्म की घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को पढ़ाई के साथ सशक्त नारी बनने के लिए भी प्रेरित करने पर जोर दिया। यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि सौराष्ट्र से 15 जुलाई को अपनी साइकिल यात्रा आरंभ कर काठमांडू तक साइकिल यात्रा करते हुए बेटी बचाओ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को रेवाड़ी से सौराष्ट्र के लिए रवाना हुई थी। सौराष्ट्र के सोमनाथ से 15 जुलाई को साइकिल यात्रा आरंभ करते हुए गुजरात, मध्यप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम होते हुए काकड़भिट्टा सीमा से नेपाल के इटहरी, लाहन, ¨चद्रनपुर, हेटौड़ा, सिमलोंग होते हुए काठमांडू पहुंची। इस यात्रा में उन्हें जगह जगह रोटेरियन द्वारा स्वागत करने के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधरोपण किया गया। उनकी इस यात्रा में रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन विशेष तौर पर सहयोगी रहा। यात्रा के दौरान सौ से अधिक स्थानों पर रोटरी क्लब की विभिन्न शाखाओं द्वारा स्वागत करते हुए क्लब का झंडा प्रदान किया। यात्रा का अंतिम पड़ाव काठमांडू में आयोजित कार्यक्रम काफी भव्य रहा। उन्होंने रेवाड़ी के साथ भारत में चल रही रोटरी क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी। सुनीता ने कहा कि यात्रा में बेटियों का सम्मान करने के साथ उनमें आत्मशक्ति बढ़ाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दिन में सौ से डेढ़ सौ किलोमीटर की साइकिल यात्रा में मध्यप्रदेश पुलिस और पब्लिक के साथ नेपाल पुलिस का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में क्लब के सचिव उमेश कटारिया, जनसंपर्क अधिकारी यादके सुगंध, अरुण गुप्ता, अखिलेश कौशिक, नरेश गुलियानी, जेपी चौहान, गोपाल चावला, विकशन आहुजा, विवेक धींगड़ा, रितु आहुजा, सुमन ठुकराल, विजेंद्र मेहत्ता, रवि ठकराल, प्रियंका यादव, ट्रेफिक पुलिस इंचार्ज वीना राणा के साथ सुनीता के माता-पिता भी उपस्थित थे।