जनगणना-2027 के लिए तैयारियां तेज, हरियाणा में 10 से 24 जनवरी तक मिलेगी स्व-गणना की सुविधा; पूछे जाएंगे 40 सवाल
रेवाड़ी में जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी, जिसमें नागरिक 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे।
-1795457639096_m.webp)
हरियाणा में 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना की सुविधा। फोटो-एआई जेनरेटेड
HighLights
जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी।
नागरिक 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना करें।
जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी, 40 प्रश्न शामिल।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण दौर आयोजित होगा। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि जनसंख्या गणना के इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए स्कूल शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
जनसंख्या गणना से पूर्व हरियाणा के नागरिकों को 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्मार्टफोन से दर्ज कर सकते हैं डिटेल्स
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 में जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रगणक स्मार्टफोन पर उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के माध्यम से कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी को मजबूत बनाया जाएगा।
पूछे जाएंगे कुल 40 सवाल
जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। इनके माध्यम से जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित विवरण संकलित किए जाएंगे।
इन आंकड़ों का उपयोग देश एवं प्रदेश में विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन तथा विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी जरूरतों को समझने में किया जाएगा।
जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे सरकारी कर्मचारी
जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं निर्देश भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने जिला के सभी नागरिकों से स्व गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें तथा जनगणना कर्मचारियों के घर-घर पहुंचने पर उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग देने की अपील की।