रेवाड़ी एम्स में जल्द शुरू होंगी OPD सेवाएं, शहर के लोगों मिलेगी बड़ी राहत
रेवाड़ी के गांव माजरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एमबीबीएस कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और दिसंबर के अंत तक ओपीडी सेवाएं भी शुरू होने की उम्मीद है।
-1793450182790_m.webp)
दिसंबर के अंत तक ओपीडी भी शुरू हो जाएगी। जागरण
HighLights
एम्स रेवाड़ी में एमबीबीएस कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं।
दिसंबर अंत तक ओपीडी सेवाएं शुरू होने की प्रबल संभावना है।
यह संस्थान हरियाणा और राजस्थान के लोगों को लाभान्वित करेगा।
ज्ञान प्रसाद, रेवाड़ी। 37वीं वर्षगांठ मना रहे रेवाड़ी जिले ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अहम उपलब्धी हासिल की है। जिले के गांव माजरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे बड़े प्रोजेक्ट का सपना साकार हो चुकी है। यहां एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।
अब बस ओपीडी सेवाएं शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। इसके लिए व्यापक रूप से तैयारियां चल रही हैं। उम्मीद की जा रही है कि नववर्ष से पहले दिसंबर के अंत तक ओपीडी भी शुरू हो जाएगी।
एम्स में ओपीडी शुरू होने से न केवल रेवाड़ी बल्कि गुरुग्राम, भिवानी, महेंद्रगढ़, झज्जर और राजस्थान के नीमराना, अलवर, झुंझनु, कोटपूतली तक के लोगों को उपचार के लिए दिल्ली या दूर के बड़े अस्पतालों तक जाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी।
इससे न सिर्फ समय और खर्च बचेगा बल्कि मौजूदा अस्पतालों पर मरीजों का बोझ भी घटेगा। यहां कार्डियोलाजी, गैस्ट्रो एंटरोलाजी, नेफ्रोलाजी, यूरोलाजी, न्यूरोलाजी, न्यूरोसर्जरी, मेडिकल आनकोलाजी, सर्जिकल, बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी सहित अन्य देखभाल सेवाएं उपलब्ध होंगी।
संस्थान में गहन देखभाल इकाई, आपातकालीन और ट्रामा यूनिट, माड्यूलर आपरेशन थिएटर, डायग्नोस्टिक प्रयोगशालाएं, ब्लड बैंक, फार्मेसी आदि की सुविधाएं भी होंगी।
पहुंच मार्ग किया जा रहा दुरुस्त
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे से सटे एम्स तक पहुंचने में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। हरियाणा सरकार ने एम्स ओवरब्रिज सहित क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों के लिए 330 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
इसके अलावा एम्स के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 48 से सीधी पहुंच देने वाले ट्रंपेट इंटरचेंज की भी योजना है। यह परियोजना एम्स में आवागमन करने वाले मरीजों, स्टाफ और एंबुलेंस के लिए यातायात को आसान बनाएगी।
पांच वर्ष के इंतजार के बाद शिलान्यास
एम्स की घोषणा फरवरी 2019 में हुई थी। हालांकि काफी अड़चनों के दूर होने के बाद इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी 2024 में किया था। 210 एकड़ (85 हेक्टेयर) में फैला इस परियोजना के लिए जमीन हरियाणा राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
करीब 1,650 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एम्स 720 बिस्तरों का अस्पताल, 100 सीट क्षमता का मेडिकल कालेज, 60 सीटों का नर्सिंग कालेज और 30 बिस्तरों के साथ आयुष ब्लाक होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।