विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में अग्निवीर बनने की राह देख रहे चेतन की सड़क हादसे में मौत, परिवार में शोक

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:19 AM (IST)

रेवाड़ी के गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय चेतन की दड़ौली जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई, जब एक टियागो कार ने उसे टक्कर मार दी।

रेवाड़ी में अग्निवीर बनने की राह देख रहे चेतन की सड़क हादसे में मौत ( फोटो स्रोत : जागरण )

रेवाड़ी में अग्निवीर बनने की राह देख रहे चेतन की सड़क हादसे में मौत ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. रेवाड़ी में 19 वर्षीय चेतन की सड़क हादसे में दुखद मौत।

  2. अग्निवीर भर्ती के फिजिकल और लिखित टेस्ट पास कर चुका था।

  3. परिवार का इकलौता सहारा था, चालक मौके से फरार।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय चेतन की शनिवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। चेतन गांव दड़ौली की तरफ घूमने जा रहा था। इसी दौरान टियागो कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर नाहड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल कोसली के शवगृह में रखवाया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

अग्निवीर भर्ती में फिजिकल और टेस्ट कर चुका था पास

चेतन अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। करीब ढाई साल पहले उसके पिता ताराचंद का निधन हो गया था।

इसके बाद परिवार को चेतन से ही भविष्य की उम्मीदें थीं। वह अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल और लिखित टेस्ट पास कर चुका था।

परिवार को उम्मीद थी कि जल्द जारी होने वाली फाइनल सूची में उसका चयन हो जाएगा और वह सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनेगा।

परिवार की उम्मीदें टूटीं, गांव में शोक

पिता की मौत के बाद चेतन परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बनकर उभरा था। अग्निवीर भर्ती में सफलता के करीब पहुंचने के कारण परिजनों को उसके चयन का भरोसा था, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की उम्मीदों को तोड़ दिया। चेतन की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कोसली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की तलाश में जुटी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा।

यह भी पढ़ें- कोलकाता: चोरबागान भगदड़ कांड में 7 गिरफ्तार, पूजा आयोजकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज