रात में पत्नी से कहकर गया मजदूरी के पैसे लेने जा रहा, सुबह नाले में मिला शव Panipat News
कैथल के एक युवक के सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। सिरटा रोड पर नाले में एक युवक का शव नाले में पड़ा हुआ मिला। मृतक की पहचान बरवाला हलका के गांव हसनगढ़ निवासी संजय कुमार (35) के रूप में हुई। मृतक पिछले करीब नौ साल से किराये के मकान में परिवार सहित रह रहा था। मृतक के सिर, पीठ व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। हत्या के कारण और हत्यारोपितों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के भाई रमेश की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्लोवाली गांव निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसके मामा का लड़का संजय मजदूरी करता था। नौ साल पहले गांव से आकर किराये के मकान मे रहने लगा था। रात को करीब नौ बजे घर से बाहर पत्नी को यह कहकर गया था कि दिन में जो मजदूरी का काम किया था उसके पैसे लेकर आ रहा हूं। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
नाले में पड़ा था शव
सुबह नाले में शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही लोग जुटे। शव की पहचान होने पर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद सिटी थाना पुलिस इंचार्ज प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। शव पर चोट के निशान देख परिजनों हत्या होने की शिकायत पुलिस को दी। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। मृतक अपने पीछे दो बच्चे व पत्नी छोड़ गया।
आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तारी
सिटी थाना पुलिस इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद हत्या कैसे हुई इस बारे में जानकारी मिल सकेगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप