करनाल में युवक की बेरहमी से हत्या, ईंटों से कुचलकर मार डाला
करनाल में युवक की हत्या कर दी गई। खून से लथनथ उसका शव मिला है। युवक हलवाई का काम करता था। मामला करनाल के घरौंडा हसनपुर रोड का है। दोस्तों के साथ झगड़ा होने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है।
करनाल, जागरण संवाददाता। करनाल के घरौंडा में हसनपुर रोड पर बुधवार सुबह खून से लथपथ युवक का शव मिला। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान घरौंडा के वार्ड दस निवासी 32 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह भंडारा में खाना बनाने के लिए मंगलवार रात को हसनपुर रोड आया था।
बताया जा रहा है कि रात में अनिल और उसके साथियों में खाने-पीने के दौरान झगड़ा हुआ, जिसके चलते ईंटों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने अनिल के साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सिर पर कई चोट
घरौंडा की हसनपुर रोड स्थित अनाज मंडी के पीछे बुधवार सुबह खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वहां से गुजरने वाले आसपास के लोगों ने शव देखकर घरौंडा थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचीं। युवक का सिर ईट और पत्थर उसे बुरी तरह कुचला हुआ था। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो शव की पहचान वार्ड दस निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 32 साल है।
दोस्तों के साथ आया था भंडारे में
पुलिस ने बताया कि हसनपुर रोड पर दशहरे के अवसर पर कढ़ी चावल का भंडारा लगाया जाना है। अनिल कुमार पेशे से हलवाई था और वह अपने अन्य साथियों के साथ मंगलवार रात को यहां आया था। अब सुबह उसका शव मिला। पुलिस को जानकारी मिली है कि अनिल और उसके साथियों ने रात में पार्टी की। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हुआ और इसी विवाद के दौरान अनिल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने अनिल के कुछ साथी को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के स्वजनों को सूचित कर दिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।